वरिष्ठ साहित्यकार Girdhar Rathi की तबीयत बिगड़ी, फेफड़ों में संक्रमण के बाद नोएडा में भर्ती

वरिष्ठ साहित्यकार Girdhar Rathi की तबीयत बिगड़ी, फेफड़ों में संक्रमण के बाद नोएडा में भर्ती
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जाने-माने हिंदी लेखक और संपादक गिरधर राठी को फेफड़ों में निमोनिया की शिकायत के बाद नोएडा के प्राइमाकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए कृत्रिम ऑक्सीजन दी है और उन्हें आईसीयू से वार्ड में स्थानांतरित कर निगरानी रखी जा रही है।

(इंट्रो एवं दूसरे पैरा में सुधार के साथ) नयी दिल्ली/नोएडा, 13 नवंबर वरिष्ठ हिंदी लेखक गिरधर राठी को फेफड़ों में निमोनिया के चलते नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इस समय उन्हें कृत्रिम तरीके से ऑक्सीजन दी जा रही है। राठी के एक परिजन ने शुक्रवार को बताया कि काफी लंबे समय से बीमार चल रहे वरिष्ठ साहित्यकार को नौ नवंबर को फेफड़ों में निमोनिया के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी बेटी मंजरी हुड्डा ने फोन पर ‘भाषा’ को बताया कि राठी नोएडा के प्राइमाकेयर अस्पताल में भर्ती हैं।

उन्होंने बताया, ‘‘वह पिछले तीन महीने से बीमार हैं। 28 सितंबर को भी वह बेहोश हो गए थे। अक्टूबर में भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

उस समय हुई चिकित्सा जांच में उनकी रीढ़ की हड्डी में संक्रमण का पता चला था।’’ उन्होंने बताया कि बीते सोमवार को उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। फिलहाल उन्हें आईसीयू से निकाल कर वार्ड में रखा गया है और चिकित्सक उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। राठी अंतरराष्ट्रीय पत्रिका अल्टरनेटिव्स के प्रबंध संपादक और साहित्य अकादमी की समकालीन भारतीय साहित्य पत्रिका के संपादक पद के साथ ही ‘चाइना रिपोर्ट’ और ‘जनयुग’ के संपादकीय सहायक रहे हैं।

उन्होंने कई किताबें लिखी हैं और हिंदी कविता, आलोचना तथा अनुवाद के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्हें प्रख्यात कथाकार और विचारक कृष्ण सोबती की जीवनी पर आधारित पुस्तक ‘दूसरा जीवन’ के लिए रजा फैलोशिप (2018) से सम्मानित किया गया था। कवि, संपादक और मानवाधिकार कार्यकर्ता गिरधर राठी (जन्म 1943) की कविता की तीन पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं जिनमें ‘बाहर भीतर’, ‘उनिंदे की लोरी’ और ‘निमित्त’; आलोचना की दो पुस्तकें - ‘ऊहापोह’ और ‘अंतस्थ’, एक यात्रा वृत्तांत ‘नए चीन में दस दिन’ शामिल हैं।

उन्होंने डैनियल वेइसबोर्ट के साथ ‘सर्वाइवल: एन एक्सपीरियंस एंड एन एक्सपेरिमेंट इन ट्रांसलेटिंग मॉडर्न हिंदी पोएट्री’ का सह-संपादन भी किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़