Howrah: STF ने जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध सहयोगी आदित्य सिंह को किया गिरफ्तार

Prabhasakshi Image

पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने सोमवार को हावड़ा से जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध गुर्गे हमीम मंडल के एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य सिंह उर्फ राज उर्फ राजू के रूप में हुई है, जिसे कथित जासूसी नेटवर्क की जांच के सिलसिले में पकड़ा गया।

कोलकाता, तीन अगस्त पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कथित जासूसी नेटवर्क की जांच के सिलसिले में सोमवार को हावड़ा से आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध गुर्गे हमीम मंडल के एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान आदित्य सिंह उर्फ राज उर्फ राजू के रूप में हुई है जिसे हमीम मंडल और उसकी कथित सहयोगी अर्पिता सरकार से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर पड़ोसी जिले हावड़ा के ‘बेलिलियस रोड’ से पकड़ा गया।

अधिक विवरण साझा न करते हुए एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच के दौरान मिले सटीक सुरागों के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। अब हमारा ध्यान इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने पर केंद्रित है। इस सिलसिले में अब तक हमने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।’’ जांचकर्ताओं को संदेह है कि आदित्य एक ऑनलाइन गेमिंग मंच के जरिए मंडल के संपर्क में आया और बाद में इस कथित साजिश में शामिल हो गया।

एसटीएफ अधिकारी के अनुसार, मंडल ने कथित तौर पर मौके का फायदा उठाकर आदित्य को अपने प्रभाव में लिया और उसे अपने नेटवर्क से जोड़ लिया। अधिकारी ने कहा, ‘‘मंडल ने उसे शहरी विकास राज्य मंत्री उमेश राय और उनके बेटे पर कड़ी नजर रखने का काम सौंपा था। उस पर दोनों से जुड़ी जानकारी एकत्र करने और उसे आरोपी के साथ साझा करने का संदेह है।

गिरफ्तार आरोपी की भूमिका के बारे में अधिकारी ने बताया कि आदित्य पर राय की गतिविधियों की तस्वीरें खींचने और उन्हें मंडल को भेजने का संदेह है। उन्होंने कहा, ‘‘हम जांच कर रहे हैं कि क्या वे मंत्री को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे।’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘जांच एक अहम मोड़ पर है। हम प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका का पता लगाने और संचार की पूरी कड़ी की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।

पूछताछ के दौरान जुटाई गई जानकारी से हमें नेटवर्क और उसकी गतिविधियों को विस्तार से समझने में मदद मिलेगी।’’ अधिकारी ने बताया कि एसटीएफ यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले किसी आतंकी हमले को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़