Kartavyapath : मेट्रो, सड़क से लेकर इनसे होगा भारत का विकास, देश के विकास में होगी मॉडर्न अप्रोच की भागीदारी

PM Modi Mumbai
प्रतिरूप फोटो
ANI Image
रितिका कमठान । Feb 25 2023 2:34PM

स्वास्थ्य के क्षेत्र में विस्तार करते हुए 360 बिस्तरों वाले भांडुप मल्टी स्पेशलिटी म्युनिसिपल अस्पताल, 306 बिस्तरों वाले सिद्धार्थ नगर अस्पताल और 152 बिस्तरों वाले ओशिवारा मैटरनिटी होम के पुनर्विकास की आधारशीला रखी गई है, जो आने वाले कुछ महीनों में शुरू होने की संभावना है।

भारत अब विकसित भारत बनने की ओर अग्रसर है। अमृत काल के इस समय में देश को विकसित भारत बनाए जानें का संकल्प लिया गया है। देश में वर्ष 2047 तक विकसित देश बनने के बड़े लक्ष्य को हासिल करने की पूरी क्षमता है, जिसके लिए देश के हर एक नागरिक, हर परिवार, हर राज्य को इस सपने को साकार करने की दिशा में आगे आना होगा। वहीं विकास होने का अर्थ है कि देश के हर छोटे से लेकर बड़े हिस्से में परिवहन, सड़क, पीने के पानी की उपलब्धता हो। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक और मुंबई में जनवरी के महीने में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर चुके है। देश के हर हिस्से में इसी तरह की परियोजनाओं की मदद से देश अब नई राह पर निकल पड़ा है जो कि इसे विकसित भारत के रूप में स्थापित करेगी। विकसित भारत का सपना जो हर देशवासी ने देखा है, उसे पूरा करने की दिशा में ये बड़ा कदम है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19 जनवरी को मुंबई में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की मेट्रो रेल, रेलवे, सड़क-परिवहन, स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया था, जो मुंबई के विकास में अहम भूमिका अदा करेगी। महाराष्ट्र के पांच लाख से अधिक रेहड़ी पटरी वालों में से एक लाख रेहड़ी पटरी वाले वेंडर्स मुंबई से ताल्लुक रखते हैं जिनके बैंक खातों में पीएम स्वनिधि योजना के तहत कैश ट्रांसफर (डीबीटी) किया गया है। इस राशि की मदद से वेंडर्स आसानी से लोन ले सकते हैं और अपने व्यापार के विस्तार में लगा सकते है।

मुंबई के अलावा पीएम मोदी ने कर्नाटक में भी विकास परियोजनाओं की शुरुआत की थी। यहां जल जीवन मिशन के तहत यादगिरि जिले के कोडेकल में बहु ग्राम पेयजल आपूर्ति योजना की आधारशिला रखी गई। केंद्र सरकार के प्रयासों के बाद नारायणपुर लेफ्ट बैंक कैनाल के विस्तारण, पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण परियोजना का शिलान्यास हुआ है। इन परियोजनाओं के जरिए शहरों में विकास की नई बयार बहेगी। पीएम मोदी के नेतृत्व में ये पहला मौका है जब भारत बड़े सपने देखने में ना सिर्फ जुटा हुआ है बल्कि उन्हें पूरा कर भी रहा है। आजादी के बाद पहली बार भारत सपनों को पूरा करने का साहस जुटा रहा है। अगर बीतें आठ वर्षों में गौर किया जाए तो देश में विकास की अप्रोच में भी बदलाव आया है। अब भारत भविष्य की सोच और मॉडर्न अप्रोच के साथ अपने फिजिकल और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कर रहा है। आज देश में एक तरफ घर, शौचालय, बिजली, पानी, कुकिंग गैस, मुफ्त इलाज, मेडिकल कॉलेज, एम्स, आईआईटी और आईआईएम जैसी सुविधाओं का तेज गति से निर्माण हो रहा है वहीं दूसरी ओर आधुनिक कनेक्टटिविटी पर भी उतना ही जोर दिया जा रहा है।

विकास के इस बदलते रूप के संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि, आज हम देश के शहरों के कंप्लीट ट्रांसफॉर्मेशन पर काम कर रहे हैं। बायोफ्यूल आधारित ट्रांसपोर्ट सिस्सटम हम तेजी से लाना चाहते है। हाईड्रोजन फ्यूल से जुड़ी ट्रांसपोर्ट सिस्टम के लिए भी देश में मिशन मोड पर काम चल रहा है।”

चलिए बात करते हैं कि पीएम मोदी ने मुंबई को जो करीब 38,800 करोड़ रुपये की जो सौगात दी है उससे शहर में किस हद तक बदलाव देखने को मिलेगा।

पीएम मोदी ने इस दौरान मुंबई को मुंबई मेट्रो रेल लाइन 2ए और 7 मुंबई को समर्पित की है। ये मेट्रो 18.6 किलोमीटर लंबी है, जो कि दहिसर ई-डीएन नगर (येलो लाइन) को जोड़ेगी। वहीं रेड लाइन पर बनने वाली मेट्रो लाइन 16.5 किलोमीटर लंबी है, जो कि अंधेरी ई-दहिसर ई को जोड़ेगी। इस दौरान मुंबई 1 मोबाईलऐ प और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की शुरुआत की गई है। मुंबई में सीवेज की समस्या से छुटकारा पाने के लिए सात सीवेज शोधन संयंत्रों का शिलान्यास किया गया है।

शहर को मिलेगी उच्च स्वास्थ्य सुविधाएं
मुंबई में जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से 20 हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखानों का शुभारंभ हुआ है, जहां मरीजों को स्वास्थ्य जांच, दवा, जांच और इलाज की मुफ्त सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा स्वास्थ्य के क्षेत्र में विस्तार करते हुए 360 बिस्तरों वाले भांडुप मल्टी स्पेशलिटी म्युनिसिपल अस्पताल, 306 बिस्तरों वाले सिद्धार्थ नगर अस्पताल और 152 बिस्तरों वाले ओशिवारा मैटरनिटी होम के पुनर्विकास की आधारशीला रखी गई है, जो आने वाले कुछ महीनों में शुरू होने की संभावना है।

- मुंबई में 400 किलोमीटर सड़कों को पक्का करने के लिए सड़क निर्माण परियोजना शुरू हुई है। इससे मुंबई की सड़कों को नया रूप मिलेगा। वहीं मुंबई की पहचान माना जाने वाला छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस का 1800 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास होगा, जिसकी आधारशीला रखी गई है।

बता दें कि मुंबई में आयोजित हुए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मुंबई के लोग यहां के सामान्य जन परेशानियां झेलते रहें हैं। ये शहर विकास के लिए तरसता रहा है। यह स्थिति 21वीं सदी के भारत में कभी स्वीकार नहीं की जा सकती है। शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र में तो कभी नहीं हो सकती है। विकास हमारे लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

नए भारत के सपने को साकार करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में भी 10,800 करोड़ रुपये की सौगातें दी है। इसमें जल जीवन मिशन के तहत यादगिर जिले के कोडेकल में यादगिर बहु-ग्राम पेयजल आपूर्ति योजना की आधारशिला रखी। इससे 700 से अधिक ग्रामीण बस्तियों और यादगिर जिले के तीन शहरों के लगभग दो लाख तीस हजार घरों को पीने का पानी मिल सकेगा। वहीं नारायणपुर लेफ्ट बैंक कैनाल के विस्तारीकरण, पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण परियोजना का शुभारंभ हुआ है। 10 हजार क्यूसेक की क्षमता वाली नहर परियोजना से साढ़े चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई की जा सकती है। इस परियोजना से कलबुर्गी, यादगिर और विजयपुर जिलों के 560 गांव के तीन लाख से अधिक किसनों को लाभ मिलेगा। राज्य को अब छह लेन वाला एक्सप्रेसवे भी मिलेगा। छह लेन वाली ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना सूरत-चेन्नई एक्सप्रेसवे (एनएच-150-सी) के 65.5 किलोमीटर और एक इकहत्तर किलोमीटर हिस्से का शिलान्यास किया गया। यह एक्सप्रेसवे 6 राज्य गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु को जोड़ेगा। इससे 1600 किलोमीटर की दूरी घटकर बारह सौ सत्तर किलोमीटर किमी रह जाएगी। देश को नए रूप में शामिल करने में कलबुर्गी , यादगिर, रायचूर, बीदर और विजयपुरा की लगभग चौदह सौ पिचहत्तर गैर-पंजीकृत बस्तियां भी भूमिका निभाएंगी जिन्हें हाल ही में नए राजस्व गांव घोषित किया गया है। इन बस्तियों में रहने वाले 50 हजार से अधिक लाभार्थियों को टाइटल डीड जारी करके उनकी भूमि को औपचारिक मान्यता दी गई। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़