भारत और श्रीलंका संयुक्त सैन्य अभ्यास तालमेल बढ़ाएगा: भारतीय थल सेना

India, Lanka joint military exercise to further promote synergy

भारतीय थल सेना ने कहा कि, भारत और श्रीलंका का संयुक्त सैन्य अभ्यास तालमेल, पारस्परिकता को और अधिक बढ़ाएगा।सेना ने एक ट्वीट में कहा कि भारतीय और श्रीलंकाई थल सेनाओं के बीच सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति 21 का आठवां सत्र श्रीलंका के पूर्वी जिले अंपारा में संपन्न हो गया।

कोलंबो। भारत और श्रीलंका का 12 दिनों का संयुक्त सैन्य अभ्यास द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने के अलावा दोनों सशस्त्र बलों के बीच तालमेल एवं पारस्परिकता को और अधिक बढ़ाएगा। भारतीय थल सेना ने शनिवार को यह कहा। सेना ने एक ट्वीट में कहा कि भारतीय और श्रीलंकाई थल सेनाओं के बीच सैन्य अभ्यास मित्र शक्ति 21 का आठवां सत्र श्रीलंका के पूर्वी जिले अंपारा में संपन्न हो गया। यह 12 दिवसीय सैन्य अभ्यास चार अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चला, जिसमें आतंक रोधी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

इसे भी पढ़ें: भाजपा के कई नेता कांग्रेस के सम्पर्क में-कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता बोले राठौर की रणनीति से भाजपा परेशान-दीपक शर्मा

सेना ने कहा, ‘‘सशस्त्र बलों के बीच तालमेल और पारस्परिकता बढ़ाने के अलावा, अभ्यास ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने में भी मदद की।’’ शुक्रवार को सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे अभ्यास के समापन के अवसर पर मौजूद थे। वह श्रीलंका के अपने समकक्ष जनरल शावेंद्र सिल्वा के न्योते पर चार दिवसीय यात्रा पर मंगलवार को यहां पहुंचे थे। संयुक्त अभ्यास में भारतीय थल सेना के 120 कर्मियों की सशस्त्र टुकड़ी ने भागीदारी की, जिसका नेतृत्व कर्नल प्रकाश कुमार ने किया। सेना ने कहा कि वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम ने द्विपक्षीय सैन्य सहयोग को मजबूत करने में योगदान दिया है। इस बीच, जनरल नरवणे ने शनिवार को श्रीलंकाई नौसेना के मुख्यालय का दौरा किया और इसके कमांडर वाइस एडमिरल निशांत और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद भारतीय सेना प्रमुख ने श्रीलंकाई वायुसेना मुख्यालय का भी दौरा किया और एयर मार्शल एस के पथिराना से वार्ता की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़