IOC अधिकारी Mahesh Shelke हत्याकांड में हिंगोली पुलिस ने महिला समेत चार को पकड़ा

महाराष्ट्र के हिंगोली में पेट्रोल पंप अधिग्रहण के दौरान इंडियन ऑयल के प्रबंधक महेश शेलके की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
छत्रपति संभाजीनर, सात अक्टूबर महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) के अधिकारी महेश शेलके की हत्या के मामले में बुधवार को एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। महेश शेलके की एक दिन पहले पेट्रोल पंप पर निरीक्षण के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान श्रवण वाकुड़े, राहुल धायजे, उमेश पांडवीर और लता पांडवीर के रूप में हुई है। उन्होंने इस बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। पुलिस ने इंडियन ऑयल के एक वरिष्ठ अधिकारी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या, गैरकानूनी रूप से एकत्र होने, दंगा करने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
यह घटना मंगलवार शाम को हुई, जब इंडियन ऑयल के प्रबंधक (खुदरा बिक्री) महेश शेलके और अन्य कर्मचारी इंडियन ऑयल के एक खुदरा केंद्र का अधिग्रहण करने की प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि आरोपी उमेश पांडवीर और चार अन्य लोगों ने शेलके से यह पूछने के बाद उन पर चाकू से हमला कर दिया कि “वह पेट्रोल पंप किसी और को संचालित करने के लिए कैसे दे सकते हैं?” कुरुंदा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, “उनकी पीठ, छाती, सिर, हाथ और पेट पर चाकू से वार किए गए। हमले के दौरान पथराव भी किया गया।
शेलके को वसमत के एक तालुका अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।” इससे पहले, दिन में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने शेलके पर जानलेवा हमला किए जाने के बाद महाराष्ट्र के अधिकारियों से मामले में जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया था।
अन्य न्यूज़














