Jammu: सुनने-बोलने में असमर्थ Renu Hans ने 45 वर्ष की उम्र में 82 प्रतिशत अंकों से पास की 10वीं

जम्मू में रहने वाली कश्मीरी पंडित महिला रेणु हंस ने बाधाओं को पार करते हुए 82 फीसदी अंक हासिल किए। उनके 12वीं में पढ़ने वाले बेटे नमन कौल ने खुद ट्यूशन पढ़ाकर मां का 22 साल पुराना सपना पूरा कराया।
45 साल की उम्र तक कई लोग अपने सपने पूरे करने की जद्दोजहद छोड़ देते हैं लेकिन रेणु हंस ने ऐसा नहीं किया और यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प के दम पर उम्र और विपरीत परिस्थितियों पर जीत हासिल की जा सकती है। सुनने और बोलने में असमर्थ कश्मीरी पंडित महिला रेणु ने हाल ही में 82 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं कक्षा की परीक्षा पास की और 22 वर्षों से संजोए अपने सपने को सच कर दिखाया। उनकी इस उपलब्धि के पीछे लगन, पारिवारिक सहयोग और मां-बेटे के अनोखे रिश्ते की कहानी छिपी है।
रेणु का इकलौता बेटा नमन कौल 12वीं कक्षा का विज्ञान का छात्र है। उसने शिक्षा पूरी करने का सपना साकार करने में अपनी मां की मदद करने का ज़िम्मा खुद उठाया। अपनी और मां की पढ़ाई के बीच संतुलन बनाते हुए, कौल ने उन्हें ट्यूशन पढ़ाया, उनके संदेह दूर किए और इस पूरी यात्रा में उनके साथ खड़ा रहा ताकि वह इस मील के पत्थर को पार कर सकें।
कौल का परिवार 1990 के दशक की शुरुआत में घाटी से पलायन करने के बाद से जम्मू के बाहरी इलाके लोअर रूप नगर के एक सरकारी फ्लैट में रहता है। कौल ने अपने घर पर ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते कहा, “मुझे लगा कि मेरी मां को घर तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए। अगर वह पढ़ाई करेंगी, तो जीवन में आगे बढ़ सकती हैं।
उन्होंने हमेशा पढ़ने और एक अच्छी नौकरी पाने का सपना देखा था। वह बहुत लंबे समय से इस सपने को दिल में संजोए हुए थीं, और 10वीं कक्षा पास करना उस सपने को पूरा करने की दिशा में पहला कदम है।
अन्य न्यूज़













