Jammu में JKSSB परीक्षा में नकल कराने की कोशिश नाकाम, 14 संदिग्ध पकड़े गए

जम्मू पुलिस ने रविवार को खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए वित्त सहायक परीक्षा में नकल की साजिश रच रहे 14 संदिग्धों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से वायरलेस सेट समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। डोमाना थाने में तीन प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी गई है।
खुफिया सूचना के आधार पर रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) की वित्त सहायक परीक्षा में कथित तौर पर नकल कराने की कोशिश करने वाले 14 संदिग्ध लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि परीक्षा के दौरान कथित तौर पर कदाचार की साजिश रच रहे कुछ लोगों के समूह के बारे में विश्वसनीय खुफिया सूचना मिलने पर जम्मू पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और संदिग्धों को पकड़ लिया।
इस अपराध को कथित तौर पर अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी बरामद किया गया है। परीक्षा शुरू होने से पहले 14 संदिग्धों को विभिन्न परीक्षा केंद्रों के आसपास और उनसे सटे इलाकों से पकड़ा गया। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने वायरलेस रेडियो सेट समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद कर जब्त किए हैं।
इनका इस्तेमाल परीक्षा हॉल में मौजूद अभ्यर्थियों को कथित तौर पर उत्तर उपलब्ध कराने के लिए किया जाना था। उन्होंने बताया कि डोमाना थाने में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। मामले की विस्तृत जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन भी किया गया है।
अन्य न्यूज़














