Kota की दूध डेयरी में गैस रिसाव से लगी आग, 19 वर्षीय कर्मचारी की जलकर मौत

राजस्थान के कोटा में राम मंदिर गली स्थित एक डेयरी में शनिवार को गैस सिलेंडर लीक होने से भीषण आग लग गई, जिसमें 19 वर्षीय लेखराज केवट की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन करते हुए 30 लाख रुपये मुआवजे की मांग की और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
राजस्थान के कोटा में भीमगंजमंडी पुलिस थाना क्षेत्र के राम मंदिर गली में सिलेंडर लीक होने के कारण डेयरी में लगी आग की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसे से आक्रोशित परिजनों ने एमबीएस महाराव भीम सिंह (एमबीएस)अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की।
पुलिस ने बताया कि मृतक लेखराज केवट विनोद गुप्ता की मधुर दूध डेयरी में काम करता था। कोटा शहर के एएसपी सुभाष चंद्र मिश्रा ने बताया कि शनिवार को लेखराज और एक अन्य कर्मचारी डेयरी में थे, तभी गैस पाइप ठीक करने के बाद लेखराज ने जैसे ही बर्नर जलाया, वहां आग लग गई। मिश्रा ने बताया कि जैसे ही आग की लपटें उठीं, दूसरा कर्मचारी दरवाजे से बाहर भाग गया, जबकि लेखराज एक अलमारी के ऊपर चढ़ गया।
वह बच नहीं सका और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उप दमकल आयुक्त राकेश व्यास ने बताया कि डेयरी में तीन दमकल गाड़ियां भेजी गईं, और आग बुझने के बाद लेखराज का शव बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह, लेखराज के परिजनों ने मुआवजे के तौर पर 30 लाख रुपये की मांग की और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
मिश्रा और कोटा के उप-मंडलीय मजिस्ट्रेट कपिल शर्मा ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की और उन्हें सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, ‘‘परिवार को मनाने की कोशिशें चल रही हैं। उनके आरोपों के आधार पर डेयरी मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
हालांकि, वे अब भी पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं।’’
अन्य न्यूज़














