Jammu के Raghunath Temple में रघुकुल संपदा पांडुलिपि केंद्र और ई-लाइब्रेरी शुरू

Jammu Raghunath
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जम्मू स्थित ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर परिसर में दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए रघुकुल संपदा केंद्र और आधुनिक ई-लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया है। केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने बुधवार को इस केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। इस परियोजना को संस्कृति मंत्रालय की ज्ञान भारतम् पहल के अंतर्गत अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए तैयार किया गया है।

भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत को संरक्षित करने एवं बढ़ावा देने की एक महत्वपूर्ण पहल के तहत, बुधवार को यहां ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में दुर्लभ पांडुलिपियों के एक संग्रह और ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ न्यास के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि रघुकुल संपदा नामक यह सुविधा श्री महाराजा रणबीर सिंह संस्कृत अनुसंधान संस्थान (एसआरएसआरआई) में स्थापित की गई है।

इसका उद्घाटन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ न्यास के न्यासी अध्यक्ष कर्ण सिंह, और न्यासी विक्रमादित्य सिंह, एम.के. अजातशत्रु सिंह, रणविजय सिंह और मार्तंड सिंह भी मौजूद थे। प्रवक्ता के अनुसार, इस कार्यक्रम में जाने-माने विद्वान, संस्कृत और डोगरी भाषा के विशेषज्ञ, शोधकर्ता और नागरिक संस्था के प्रतिनिधि भी शामिल हुए, जो भारत की अमूल्य साहित्यिक और विद्वतापूर्ण परंपराओं को सुरक्षित रखने और उन तक लोगों की पहुंच बढ़ाने से संबंधित पहल के महत्व को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि यह समारोह जम्मू के हरि निवास पैलेस स्थित रॉयल ​​रिट्रीट बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया। संस्कृति मंत्रालय की ‘‘ज्ञान भारतम् पहल’’ के तहत एक स्वतंत्र केंद्र के रूप में स्थापित इस संग्रह का उद्देश्य भारत की अमूल्य पांडुलिपि विरासत को संरक्षित करना, उसे डिजिटल रूप देना और बढ़ावा देना है। इसका मकसद विद्वतापूर्ण शोध को सुगम बनाना और आम जन के लिए पहुंच आसान बनाना भी है।

वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कर्ण सिंह ने जम्मू-कश्मीर के सांस्कृतिक, शैक्षिक और संस्थागत विकास में डोगरा शासकों, विशेष रूप से महाराजा गुलाब सिंह और महाराजा रणबीर सिंह के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने निरंतर विद्वतापूर्ण अध्ययन और आधुनिक संरक्षण तकनीकों के माध्यम से प्राचीन पांडुलिपियों को सुरक्षित रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर जम्मू सीरीज ऑफ टेक्स्ट्स एंड स्टडीज का भी अनावरण किया गया, जिसका उद्देश्य दुर्लभ पांडुलिपियों पर आधारित विद्वतापूर्ण प्रकाशनों को बढ़ावा देना है।

प्रवक्ता ने बताया कि कर्ण सिंह ने अग्रवाल को श्रीमद्भगवद्गीता का 11-खंडों वाला संस्करण (जिसमें 21 टीकाएं शामिल हैं) और तंत्र सीरीज का 14-खंडों वाला संस्करण भेंट किया। ‘तंत्र सीरीज’ को संस्थान ने मोतीलाल बनारसी दास पब्लिशिंग हाउस के सहयोग से तैयार किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़