Jan Nayak Express में महिला यात्री से हाथापाई पर RPF ने माना- सिपाही को बरतनी चाहिए थी शांति

दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस में सीट पर कब्जे को लेकर हुए विवाद के बाद जीआरपी कर्मी द्वारा महिला से मारपीट के मामले में रेलवे ने जांच की है। अधिकारियों ने कहा कि गलती महिला यात्री की थी जिसने सीट घेरी हुई थी, लेकिन सिपाही को भी महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी का इंतजार करना चाहिए था।
जननायक एक्सप्रेस में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के कर्मी और यात्रियों के बीच विवाद बढ़ने के बाद एक पुलिसकर्मी द्वारा महिला को बार-बार थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को दरभंगा-अमृतसर ट्रेन में हुई इस घटना की जांच के निष्कर्षों का हवाला देते हुए कहा कि ‘‘गलती महिला यात्री की थी’’, लेकिन पुलिसकर्मी को स्थिति को अधिक शांति से संभालना चाहिए था और महिला पुलिसकर्मियों के आने का इंतजार करना चाहिए था। अधिकारियों के मुताबिक, महिला सीट पर कथित रूप से लेटी हुई थी और उसने पूरी सीट पर कब्जा कर रखा था।
उन्होंने बताया कि इस पर ट्रेन में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों ने हस्तक्षेप किया और इस दौरान महिला एवं उसकी बेटियों ने पुलिसकर्मी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज एवं हाथापाई की। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में जीआरपी का एक जवान ट्रेन में महिला यात्री को बार-बार थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है, हालांकि इस दौरान अन्य महिला यात्री उसे रोकने की कोशिश करती नजर आ रही हैं। वीडियो में महिला के सिर से खून बहता हुआ भी दिखाई दे रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। यह घटना ट्रेन के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से रवाना होने के बाद हुई। रेल मंत्रालय ने बताया कि मामले की जानकारी उत्तर प्रदेश के रेलवे महानिदेशक (डीजी) को है और वह इसकी जांच कर रहे हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) ने निजी तौर पर मामले की जांच की। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (सीनियर डीएससी) ने बताया, ‘‘जीआरपी का कांस्टेबल अपनी ड्यूटी निभाने की कोशिश कर रहा था और गलती महिला यात्री की थी।’’ उन्होंने बताया, ‘‘हालांकि, वह स्थिति को थोड़े अधिक शांत और पेशेवर तरीके से संभाल सकता था। महिला यात्री के उकसाने पर उसके साथ हाथापाई करने के बजाय उसे अगले स्टेशन पर जीआरपी की महिला पुलिसकर्मियों के ट्रेन में सवार होने तक इंतजार करना चाहिए था।’’ रेलवे के मुताबिक, 18 नवंबर को मुरादाबाद में रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15211 (जननायक एक्सप्रेस) के तीसरे डिब्बे में एक महिला यात्री के साथ एक पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर मारपीट की है।
नजीबाबाद में जीआरपी के जवान दो कर्मियों और दो अन्य सहयात्रियों को ट्रेन से उतारकर जीआरपी थाने ले गए। इसके बाद महिला यात्री भी अपनी तीन बेटियों के साथ ट्रेन से उतरी और शिकायत दर्ज कराने के लिए नजीबाबाद स्थित जीआरपी थाने पहुंची। मुरादाबाद रेल मंडल ने बताया, ‘‘जांच के दौरान पता चला कि महिला यात्री का सीट को लेकर एक अन्य महिला से विवाद हुआ था।
जब जीआरपी के जवानों ने मामले को सुलझाने के लिए हस्तक्षेप किया, तो महिला और उसकी बेटियों ने कथित तौर पर जीआरपी के दो कर्मियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की।’’ रेल मंडल ने बताया, ‘‘विवाद के दौरान दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए और महिला यात्री ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी।’’ मुरादाबाद के दोनों जीआरपी कर्मियों की ओर से दी गई लिखित शिकायतों के आधार पर छह लोगों के खिलाफ कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (सीनियर डीएससी) ने बताया, ‘‘शुरुआती गलती महिला यात्री की थी। जननायक एक्सप्रेस में भारी भीड़ थी और कई यात्रियों को बैठने के लिए सीट नहीं मिल रही थी।
इसके बावजूद महिला पूरी सीट पर लेटकर कब्जा जमाए हुए थी। इस ट्रेन में केवल सामान्य श्रेणी के डिब्बे हैं।’’ उन्होंने बताया कि विवाद तब शुरू हुआ, जब महिला यात्री ने कथित तौर पर वर्दी पहने जीआरपी कांस्टेबल को धक्का दिया और उसका कॉलर पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया, ‘‘जीआरपी कर्मी ने खुद को छुड़ाने के लिए जवाबी कार्रवाई में शारीरिक बल का इस्तेमाल किया, जिससे महिला यात्री घायल हो गई।
इसके बाद उसकी तीन बेटियों ने भी पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई की, जिससे उसकी वर्दी फट गई।’’
अन्य न्यूज़













