किसानों के सहयोग से जेवर बन रहा वैश्विक औद्योगिक केंद्र: धीरेन्द्र सिंह

Dhirendra Singh
PR

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जिस धरती पर हमारे किसानों ने पीढ़ियों से अपने पसीने से फसलें सींची हैं, आज उसी धरती पर दुनिया के किसानों की खेती को समृद्ध बनाने वाले आधुनिक ट्रैक्टर तैयार होंगे। जेवर के किसानों ने केवल अपनी जमीन नहीं दी है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी है।

जेवर, गौतमबुद्धनगर, 12 नवंबर 2026। जहां कभी मिट्टी का सीना चीरकर किसान कड़ी मशक्कत से अन्न उगाते थे, आज उसी धरती पर विश्वविख्यात कृषि उपकरण निर्माता कंपनी CNH Industrial के आधुनिक ट्रैक्टर निर्माण संयंत्र की आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से लगभग 1,220 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली इस परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

समारोह में CNH Industrial N.V. की निदेशक मंडल की अध्यक्ष लेडी सुज़ैन हेवुड, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गेरिट मार्क्स तथा CNH इंडिया क्षेत्र के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक नरिंदर मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में जेवर के किसानों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि किसानों के सहयोग के बिना क्षेत्र में विकास की यह यात्रा संभव नहीं हो पाती।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “जिस धरती पर हमारे किसानों ने पीढ़ियों से अपने पसीने से फसलें सींची हैं, आज उसी धरती पर दुनिया के किसानों की खेती को समृद्ध बनाने वाले आधुनिक ट्रैक्टर तैयार होंगे। जेवर के किसानों ने केवल अपनी जमीन नहीं दी है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी है। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में जेवर आज विश्व के औद्योगिक मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहा है।”

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कंपनी के वैश्विक नेतृत्व से स्थानीय नौजवानों को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा कौशल विकास के माध्यम से उन्हें औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करने का आग्रह किया। साथ ही कंपनी से अपने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत नागरिक सुविधाओं, बेहतर चिकित्सा सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ स्थानीय किसानों, नौजवानों और ग्रामीण आबादी तक पहुंचे। विधायक ने जेवर के निरंतर विकास के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का क्षेत्रवासियों की ओर से आभार भी व्यक्त किया।

शिलान्यास समारोह में औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, गौतमबुद्धनगर सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र सिंह नागर, भाजपा पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान, गणमान्य नागरिक एवं कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़