झारखंड के Palamu में 10 लाख की खैर लकड़ी लदा ट्रक पकड़ाया, तस्कर Shamim गिरफ्तार

पलामू पुलिस ने सतबरवा के जंगल से अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी की तस्करी नाकाम कर दी। हरियाणा भेजी जा रही इस खेप के साथ राजस्थान निवासी शमीम को गिरफ्तार कर 14 पहियों वाला ट्रक जब्त किया गया।
झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने हरियाणा ले जाई जा रही करीब 10 लाख रुपये मूल्य की खैर की लकड़ी जब्त कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि विशेष पुलिस दल ने रविवार को एक ट्रक से लकड़ी जब्त की और राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र के निवासी शमीम (25) को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि खैर की लकड़ी का इस्तेमाल कत्था बनाने में किया जाता है, जिसका सेवन पान के पत्तों के साथ किया जाता है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, सतबरवा के जंगल से खैर के पेड़ को अवैध रूप से काटा गया था और उसकी लकड़ी की तस्करी हरियाणा की जा रही थी। उन्होंने बताया कि पेड़ को काटकर उसके लट्ठे बनाए गए और उन्हें तिरपाल से ढककर 14 पहियों वाले ट्रक में लादा गया था।
जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है। चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लकड़ी जब्त की गई और ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है।
अन्य न्यूज़














