ओडिशा के झारसुगुड़ा में Jharsuguda प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त

Jharsuguda Cough
AI Image

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में पुलिस ने एक करोड़ रुपये मूल्य का प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर झारखंड से यह खेप ला रहे थे।

भुवनेश्वर, चार अगस्त ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सोमवार को बड़माल के तुम्बेकेला के पास एक ट्रक को रोका और गत्ते के 197 डिब्बों में बंद कफ सिरप बरामद किए।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई खेप में 100 मिलीलीटर की 23,640 शीशी थीं, जिनमें कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड सिरप था। आरोपियों की पहचान बिहार निवासी मोहम्मद अहसान अहमद (38) और पश्चिम बंगाल निवासी रिजवान अंसारी (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से ट्रक और 2.44 लाख रुपये भी जब्त किए हैं।

झारसुगुड़ा के पुलिस अधीक्षक जी. रेड्डी राघवेंद्र ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि यह खेप पड़ोसी राज्य झारखंड के जगन्नाथपुर से लाई गई थी और इसे अवैध आपूर्ति के लिए ले जाया जा रहा था। उन्होंने कहा, ‘‘स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रतिबंधित सामग्री के स्रोत का पता लगाने, अंतरराज्यीय आपूर्ति नेटवर्क की पहचान करने, इसे कहां ले जाया जा रहा था इसका पता लगाने और इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के लिए जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़