बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जेपी नड्डा दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचे, चुनाव संचालन समिति के साथ की बैठक

JP Nadda

जेपी नड्डा की अध्यक्षता में शाम को आयोजित पार्टी चुनाव संचालन समिति में पार्टी के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव एवं फडणवीस के अलावा उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार भाजपा प्रमुख जायसवाल, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित अन्य केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों ने भी भाग लिया।

पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार की शाम पटना पहुंचे और पार्टी की चुनाव संचालन समिति के साथ एक बैठक की। बिहार में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नड्डा पटना पहुंचे है। भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शुक्रवार की दोपहर पटना पहुंचे और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल सहित अन्य नेताओं के साथ पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मीडिया सेंटर का उद्घाटन किया। नड्डा की अध्यक्षता में शाम को आयोजित पार्टी चुनाव संचालन समिति में पार्टी के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव एवं फडणवीस के अलावा उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार भाजपा प्रमुख जायसवाल, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सहित अन्य केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों ने भी भाग लिया। भाजपा सोशल मीडिया सेल के संयोजक मनन ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शनिवार को दरभंगा और मुजफ्फरपुर के लिए रवाना होंगे, जहां वह मुजफ्फरपुर में लीची किसानों और पद्मश्री किसान चाची के साथ बैठक करने के अलावा दरभंगा में मखाना और मछली उत्पादकों सहित कई लोगों के साथ बातचीत करेंगे। 

इसे भी पढ़ें: चुनाव प्रचार के दौरान उम्मीदवारों के आपराधिक इतिहास के प्रचार को लेकर EC ने सख्त किए नियम

उन्होंने बताया कि इसके अलावा पार्टी अध्यक्ष बिहार दिवस पर कल उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के आवास पर आयोजित एक कोर कमेटी की बैठक में भाग लेंगे। हालांकि, नड्डा के यात्रा कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के साथ किसी भी निर्धारित बैठक का उल्लेख नहीं है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि नड्डा अपने दो दिवसीय बिहार प्रवास के दौरान नीतीश से राजग के घटक दलों भाजपा, जदयू एवं लोजपा के बीच सीट बंटवारे सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए मुलाकात कर सकते हैं। जदयू के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की बिहार यात्रा महत्वपूर्ण है। हर पार्टी ने चुनाव के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है, हालांकि चुनाव आयोग ने कोई अधिसूचना जारी नहीं की है। इस परिदृश्य में, उनकी बिहार यात्रा महत्व रखती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़