येदियुरप्पा मंत्रिमंडल में फेरबदल, सुधारक को स्वास्थ्य मंत्रालय तो श्रीरामुलू को सामाजिक कल्याण मंत्रालय का मिला प्रभार

Dr K Sudhakar

श्रीरामुलू को सामाजिक कल्याण विभाग दिया गया है, जो अभी तक उपमुख्यमंत्री गोविंद करजोल के पास था। उनके पास लोक निर्माण विभाग भी है।

बेंगलुरू। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने कोविड-19 महामारी के बीच सोमवार को कैबिनेट में फेरबदल किया जिसके तहत मंत्री बी. श्रीरामुलू से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का प्रभार ले लिया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का प्रभार चिकित्सा शिक्षा मंत्री के. सुधाकर को दिया गया है। येदियुरप्पा ने श्रीरामुलू से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग भी वापस ले लिया और इस विभाग को अपने पास रखा। श्रीरामुलू को सामाजिक कल्याण विभाग दिया गया है, जो अभी तक उपमुख्यमंत्री गोविंद करजोल के पास था। उनके पास लोक निर्माण विभाग भी है। 

इसे भी पढ़ें: सुरेश अंगड़ी की स्मृति में नयी दिल्ली में स्मारक का होगा निर्माण: येदियुरप्पा 

कर्नाटक के राज्यपाल वजूभाई वाला ने मुख्यमंत्री की सलाह पर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर विभागों का फिर से बंटवारा किया। सुधाकर अब राज्य में स्वास्थ्य से जुड़े सभी मामलों के प्रभारी होंगे। यहां कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि संबंधित विभागों को एक मंत्री द्वारा संचालित करने की मंशा से मुख्यमंत्री ने यह निर्णय किया है। 

उन्होंने कहा कि येदियुरप्पा ने सुधाकर को इसलिए चुना कि वह पेशे से चिकित्सक हैं और कोविड-19 से जुड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे हैं। विपक्ष ने कोविड-19 उपकरणों की खरीद में भ्रष्टाचार के आरोप लगाये हैं लेकिन भाजपा सरकार ने उन्हें खारिज कर दिया। 

इसे भी पढ़ें: भाजपा ने CBI छापों पर कांग्रेस के विरोध को हास्यास्पद और निरर्थक बताया 

इससे पहले सुधाकर ने सोमवार को संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उनसे कहा है कि चिकित्सा शिक्षा के साथ स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी भी लें ताकि कोरोना वायरस के खिलाफ प्रभावी रूप से मुकाबला हो सके और राज्य की 6.5 करोड़ जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें। सुधाकर ने कहा कि सामाजिक कल्याण बड़ा विभाग है जिसका बजट 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक का है और वह (श्रीरामुलू) पहले इस विभाग को अपने पास चाहते थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़