कामत ने संजय निरूपम और मोहन प्रकाश पर साधा निशाना

मुंबई। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गुरुदास कामत ने आज कथित रूप से महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख संजय निरूपम और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति महासचिव और महाराष्ट्र के प्रभारी मोहन प्रकाश पर निशाना साधा है। कामत ने आरोप लगाया कि ऐसे वक्त में जब राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के चुनावों में व्यस्त हैं तब दोनों नेता पार्टी के लोगों को ‘‘जानबूझ कर बाहर’’ कर रहे हैं। कामत ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ये देखकर दुख होता है कि दूसरी पीढी के कांग्रेसी नेता निरूपम और मोहन प्रकाश के व्यवहार से पार्टी छोड़कर जाने को मजबूर हैं। राहुल गांधी और अहमद पटेल को इस पर लगाम लगानी चाहिए।’’
कांग्रेस महासचिव कामत राजस्थान और गुजरात के प्रभारी हैं और उन्होंने अपनी ट्वीट में अहमद पटेल और राहुल गांधी को भी टैग किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा लग रहा है कि राहुल गांधी के यूपी चुनावों में व्यस्त होने की वजह से निरूपम और प्रकाश जानबूझ कर लोगों को पार्टी से बाहर करने की कोशिश कर रहे हैं। कामत ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े ने भाजपा में शामिल होने के लिए कांग्रेस छोड़ दी। उन्हें या उन दूसरे लोगों को रोकने की भी कोई कोशिश नहीं की गई जो खुद निरूपम के क्षेत्र मुंबई उत्तर से पार्टी को छोड़कर गए।’’
अन्य न्यूज़