Kannauj में वकील की हत्या के आरोप में मुख्य अभियुक्त अमोल दीक्षित और मां मुन्नी देवी पकड़े गए

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

छिबरामऊ पुलिस ने अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में नामजद आरोपी अमोल दीक्षित को लाइसेंसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में सह-आरोपी उसकी मां को भी कुंवरपुर बनवारी के निकट से हिरासत में ले लिया। यह खूनी संघर्ष दीपावली की शाम हुए विवाद के बाद हुआ था।

कन्नौज जिले के छिबरामऊ में अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की हत्या के मुख्य आरोपी और उसकी मां को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। छिबरामऊ थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) कपिल दुबे ने बताया कि मंगलवार को मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित को दोपहर करीब एक बजे गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के पास से एक लाइसेंसी पिस्तौल बरामद हुई। उन्होंने बताया कि मुकदमे में नामजद आरोपी की मां मुन्नी देवी को भी विशुनगढ़ रोड पर ग्राम कुंवरपुर बनवारी के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दीपावली की शाम विवाद की शुरुआत मारपीट से हुई थी।

इसकी शिकायत करने वादी अंकित चतुर्वेदी अपने भाई अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी, दीपक पाठक और अभिषेक के साथ अमोल के घर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां अमोल ने गाली-गलौज करते हुए अनुज चतुर्वेदी को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के संबंध में छिबरामऊ थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़