कर्नाटक में Kumar Krupa अतिथि गृह बना मुख्यमंत्री का आवास, नया नाम ‘गंगा’

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बेंगलुरु स्थित ऐतिहासिक कुमार कृपा सरकारी अतिथि गृह के पुराने भवन का नवीनीकरण कर इसे मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का नया आधिकारिक आवास बनाया गया है। परिसर का उपयोग बैठकों, आधिकारिक आयोजनों और जनता की शिकायतें सुनने के लिए होगा। शिवकुमार ने परिवार संग पूजा कर ली है और वे बृहस्पतिवार से यहां लोगों से मिलना शुरू करेंगे।

कर्नाटक सरकार ने यहां कुमार कृपा अतिथि गृह के पुराने भवन का नाम बदलकर ‘गंगा’ रखने के साथ ही इसे मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का आधिकारिक आवास घोषित कर दिया। सरकार की ओर से सोमवार को जारी आदेश के अनुसार, यह फैसला अतिथि गृह के पुराने भवन का नवीनीकरण किए जाने के बाद लिया गया। सरकार ने बताया कि इस परिसर का इस्तेमाल मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले लोगों के स्वागत, उनकी शिकायतें सुनने, शिकायतों और उनसे जुड़ी जानकारियों को सॉफ्टवेयर प्रणाली में दर्ज करने तथा आगंतुकों की ओर से सौंपे गए दस्तावेजों को संभालने के लिए किया जाएगा।

आदेश के मुताबिक, इस भवन में बैठकें और आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा भी होगी। सरकारी आदेश में बताया गया, “बेंगलुरु में कुमार कृपा रोड स्थित कुमार कृपा सरकारी अतिथि गृह के पुराने भवन का नाम बदलकर ‘गंगा’ किया जाता है और इसे मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास घोषित किया जाता है।” आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवकुमार और उनके परिवार ने सोमवार को नए आधिकारिक आवास में विशेष पूजा की। शिवकुमार ने पत्रकारों से कहा कि वह कुछ बदलावों के साथ आज अपने निजी आवास से कुमार कृपा में रहने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, “इमारत की विरासत को बरकरार रखते हुए कुछ नए निर्माण किए गए हैं और इसमें करीब 10 प्रतिशत बदलाव किया गया है।” मुख्यमंत्री ने सोमवार को नए आधिकारिक आवास में निजी तौर पर पूजा किए जाने की जानकारी देते हुए कहा, “मैंने इसके लिए किसी को आमंत्रित नहीं किया था। बृहस्पतिवार को मैं सभी 224 विधायकों, सांसदों और विधान परिषद सदस्यों को आमंत्रित करूंगा। इसके बाद इस आवास में आधिकारिक तौर पर लोगों से मिलना शुरू करूंगा।” उन्होंने कहा कि कुछ काम अभी बाकी है, लेकिन सोमवार को शुभ दिन होने के कारण पूजा की गई।

शिवकुमार ने कहा, “मेरा परिवार अगले आठ से 10 दिन बाद ही यहां रहने आएगा, लेकिन मैं बृहस्पतिवार से यहां लोगों से मिलना शुरू कर दूंगा।” उन्होंने बताया कि इस आवास का नाम ‘गंगा’ रखा गया है और यहां के कई कमरों तथा बैठक कक्षों के नाम कर्नाटक की नदियों के नाम पर रखे गए हैं। कुमार कृपा अतिथि गृह के नवीनीकरण का विरोध करते हुए विपक्षी दलों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) ने पहले आरोप लगाया था कि शिवकुमार अपने निजी हितों के लिए 160 साल से अधिक पुराने विरासत भवन में बदलाव कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़