कार्तिक पूर्णिमा मेले में हुड़दंगियों पर दर्ज होगी FIR, Meerut DIG ने दिए वाहन जब्ती के निर्देश

कार्तिक पूर्णिमा मेले में हुड़दंगियों पर दर्ज होगी FIR, Meerut DIG ने दिए वाहन जब्ती के निर्देश
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मेरठ परिक्षेत्र के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले प्रमुख गंगा मेलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश जारी किए हैं। मेला मार्गों पर हुड़दंग या शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ केवल चेतावनी के बजाय प्राथमिकी दर्ज कर वाहन जब्त किए जाएंगे। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों और क्षेत्र प्रभारियों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) ने कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित गढ़ गंगा मेला (हापुड़), मखदूमपुर मेला (मेरठ) और अनूपशहर गंगा मेला (बुलंदशहर) में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि मेला क्षेत्रों के साथ-साथ वहां आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर हुड़दंग, अराजकता या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। नैथानी ने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए और आवश्यकतानुसार उनके वाहन जब्त किए जाएं।

मेरठ परिक्षेत्र कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, नैथानी ने निर्देश दिए हैं कि मेला मार्गों, संपर्क मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस लगातार गश्त करे तथा मारपीट, हुड़दंग और शांति भंग करने वालों के खिलाफ केवल चेतावनी देकर छोड़ने के बजाय मामले के तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने संबंधित क्षेत्र प्रभारियों को अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र में हुड़दंग या अव्यवस्था होने पर संबंधित प्रभारी और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी तथा ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही भी तय होगी।

डीआईजी ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और परंपराओं का पूरा ध्यान रखने तथा उत्सव पारंपरिक तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा मानकों का प्रतिदिन अनुपालन सुनिश्चित कराने को भी कहा। उन्होंने गंगा तटों पर पर्याप्त संख्या में नाव और गोताखोर तैनात रखने तथा सभी नावों में ‘लाइफ जैकेट’, ‘लाउडहेलर’ और ‘टॉर्च’ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

नैथानी ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़