Odisha के Kendrapara में आवासीय स्कूल में घुसा बाढ़ का पानी, 400 छात्र फंसे

ब्राह्मणी नदी का जलस्तर बढ़ने से पट्टामुंडई स्थित एक सरकारी आवासीय विद्यालय परिसर में बाढ़ का पानी भर गया है। स्थानीय प्रशासन ने मोटर चालित नौकाओं के जरिए भूतल पर रह रहीं 150 छात्राओं को दूसरे सुरक्षित स्कूल में पहुंचाना शुरू कर दिया है। पहली मंजिल पर मौजूद 250 छात्र फिलहाल सुरक्षित हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में सरकारी आवासीय स्कूल परिसर में रविवार को बाढ़ का पानी घुस जाने से करीब 400 छात्र फंस गए, जिनमें 150 छात्राएं भी शामिल हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह स्कूल पट्टामुंडई प्रखंड के पेंथापाला ग्राम पंचायत के अंतर्गत कुलासाही गांव में स्थित है और निचले इलाके में बना हुआ है।
अधिकारियों के अनुसार, ब्राह्मणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण जिले के कई निचले इलाकों में फिर से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। जिले में करीब एक पखवाड़े पहले भी बाढ़ आई थी। इस दो मंजिला स्कूल में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के करीब 400 छात्र रहते हैं, जिनमें 150 छात्राएं हैं।
पट्टामुंडई की प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) शीतल अग्रवाल ने बताया, चूंकि छात्राओं को भूतल पर रखा गया है, इसलिए स्थानीय प्रशासन ने उन्हें औल स्थित एक दूसरे आवासीय विद्यालय में पहुंचाना शुरू कर दिया है। इसके लिए मोटर चालित नौकाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहली मंजिल पर रह रहे लगभग 250 लड़के तुलनात्मक रूप से सुरक्षित हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
बीडीओ ने कहा, अगर स्थिति और खराब होती है तो उन्हें भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा। प्रशासन जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी पर लगातार नजर बनाए हुए है और बचाव एवं निकासी की सभी व्यवस्थाएं तैयार रखी गई हैं।
अन्य न्यूज़














