Pinarayi Vijayan पर FIR के ED अनुरोध पर महाधिवक्ता की राय का अध्ययन कर रहा गृह विभाग

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बताया कि सीएमआरएल रिश्वत मामले में पिनरायी विजयन और उनके परिवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के ईडी के अनुरोध पर महाधिवक्ता की कानूनी राय मिल गई है। सरकार अब इस कानूनी सलाह का अध्ययन कर रही है और आगे की कार्रवाई पर फैसला अगले हफ्ते लिया जाएगा।

केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शनिवार को कहा कि राज्य विधानसभा में मौजूदा नेता प्रतिपक्ष पिनरायी विजयन, उनकी बेटी वीणा टी और दामाद एवं विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज करने के प्रवर्तन निदेशानलय के अनुरोध पर सरकार को महाधिवक्ता की कानूनी राय मिल गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)ने हाल ही में राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी)रावाडा ए. चंद्रशेखर को एक पत्र भेजकर धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए)के तहत की गई जांच और तलाशी के दौरान मिले ‘साक्ष्यों’ के आधार पर कथित सीएमआरएल रिश्वत मामले में विजयन, वीणा, रियास और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का अनुरोध किया है। ईडी ने आरोप लगाया है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) ने ‘आईटी परामर्श सेवा’ के नाम पर वीण की अब बंद हो चुकी कंपनी, एक्सलॉजिक सॉल्यूशंस को 2.78 करोड़ रुपये का जालसाजी कर भुगतान किया।

चेन्निथला ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि कानूनी राय शुक्रवार शाम को मिली थी और गृह विभाग अभी इसकी समीक्षा कर रहा है। संवाददाताओं ने सवाल किया कि क्या ईडी के अनुरोध पर महाधिवक्ता ने प्राथमिकी दर्ज करने के पक्ष में राय दी है तो चेन्निथला ने कहा कि उन्होंने वह राय नहीं देखी है क्योंकि महाधिवक्ता की सिफारिश शुक्रवार को उनके कार्यालय से निकलने के बाद मिली थी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इसे (महाधिवक्ता की राय) नहीं देखा है।

शुक्रवार को कार्यालय से निकलने के बाद मुझे यह मिला। इसे देखने के बाद, आगे की कार्रवाई के बारे में सोमवार या मंगलवार को फैसला लिया जाएगा, क्योंकि इन दिनों छुट्टियां हैं।’’ मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन की नयी दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान इस मामले पर चर्चा करने के सवाल पर चेन्निथला ने कहा कि ऐसी चर्चा की कोई जरूरत नहीं है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा)के महासचिव एमए बेबी ने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई का उद्देश्य पार्टी को निशाना बनाना है और विशेष तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजयन को निशाना बनाया जा रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़