Kerala में भारी बारिश और पत्तनमथिट्टा में जलस्तर बढ़ने की आशंका के कारण अलर्ट जारी

Prabhasakshi Image

केरल के कई इलाकों में तीन अगस्त को भारी बारिश दर्ज की गई जिसके कारण दक्षिणी जिले पत्तनमथिट्टा में हालात बिगड़ने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के तीन मौसम केंद्रों पर 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई और मुख्यमंत्री ने बैठक बुलाई है।

तिरुवनंतपुरम, तीन अगस्त केरल के कई इलाकों में भारी बारिश हुई और सोमवार को जारी भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार राज्य के तीन मौसम केंद्रों पर 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं अधिकारियों ने दक्षिणी जिले पत्तनमथिट्टा में हालात बिगड़ने की चेतावनी भी दी। केरल के पर्यटन मंत्री पी सी विष्णुनाथ के कार्यालय ने बताया कि शबरिमला इलाके में भारी बारिश से जिले में चिंताजनक स्थिति पैदा हो गई है और रान्नी तथा आस-पास के इलाकों में जलस्तर बढ़ने की आशंका है।

मंत्री के कार्यालय ने बताया कि विष्णुनाथ पत्तनमथिट्टा में ही हैं और आपदा प्रबंधन तथा राहत कार्यों की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह अराणमुला के विधायक अबिन वर्की, सरकारी अधिकारियों और अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ कोझेनचेरी में स्थिति का जायजा ले रहे हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की सलाह दी गई है क्योंकि रात भर हुई भारी बारिश से संवेदनशील इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।

केरल में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर कई जिलाधिकारियों ने सोमवार को सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा की। इस बीच, मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने पूरे केरल में बारिश की स्थिति की समीक्षा के लिए सुबह 10 बजे जिलाधिकारियों की एक ऑनलाइन बैठक बुलाई है। आईएमडी के अनुसार, दो अगस्त की सुबह साढ़े आठ बजे से तीन अगस्त की सुबह साढ़े पांच बजे के बीच दर्ज किए गए बारिश के आंकड़ों से पता चलता है कि पत्तनमथिट्टा के वेंकुरिंजी में सबसे अधिक 104.5 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद इडुक्की के उडुंबन्नूर में 103.0 मिलीमीटर और इडुक्की के चेरुथोनी में 101.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

पत्तनमथिट्टा के लाहा में 87.0 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि अलाप्पुझा के थायकाट्टुसेरी में 80.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। एर्नाकुलम में नेरियामंगलम में 75.0 मिलीमीटर बारिश हुई, इसके बाद पत्तनमथिट्टा में उलानाडु में 74.5 मिलीमीटर बारिश हुई। ए र्णा कुलम के मट्टनचेरी में 71.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

पत्तनमथिट्टा में रन्नी चेथक्कल में 65.5 मिलीमीटर, कोट्टायम में वदावथूर में 64.0 मिलीमीटर, एर्नाकुलम में पल्लुरुथी में 63.0 मिलीमीटर और त्रिशूर में मुनक्कल में 62.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, इन सभी स्थानों पर इस अवधि के दौरान 60 मिलीमीटर या उससे अधिक वर्षा दर्ज की गई। राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने के कारण व्यापक बारिश की सूचना है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़