Kerala High Court ने रद्द किया 16 छात्रों का निलंबन, CPM ने उच्च शिक्षा मंत्री पर साधा निशाना

केरल उच्च न्यायालय ने कालडी स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 छात्रों के निलंबन को रद्द करने का आदेश दिया है। इस फैसले के बाद माकपा ने उच्च शिक्षा मंत्री और कुलपति की आलोचना की, जबकि सरकार ने स्पष्ट किया कि वह अदालती आदेश का पालन करेगी।
केरलम के कालडी में स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 छात्रों का निलंबन उच्च न्यायालय द्वारा रद्द किए जाने के बाद माकपा ने सोमवार को उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन और कुलपति पर तीखा हमला बोला। दूसरी ओर, जॉन ने कहा कि सरकार अदालत के आदेश का पालन करेगी। परिसर में सुविधाओं की कमी को लेकर एसएफआई के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कुलपति सीजा थॉमस के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
इस कार्रवाई को चुनौती देने वाली छात्रों की याचिकाएं उच्च न्यायालय ने स्वीकार कर लीं। नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने छात्रों को उनकी जीत पर बधाई दी। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘संघर्ष और बलिदान के जरिए अपने अधिकार और न्याय पाने वाले छात्रों को हार्दिक बधाई।’’ विजयन ने आरोप लगाया कि छात्रों को संघ परिवार और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के संयुक्त हमले का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन ने दोनों के एजेंडे का विरोध कर उन्हें विफल करके आगे बढ़ने का रास्ता बनाया। विजयन ने कहा कि निलंबन रद्द करने और छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति देने का उच्च न्यायालय का फैसला सच्चाई और छात्र एकता की जीत है। मंत्री जॉन ने कहा कि छात्रों को पढ़ाई करने का अवसर मिलना चाहिए और ऐसी स्थिति नहीं होनी चाहिए, जिससे उनका भविष्य बर्बाद हो जाए।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम उच्च न्यायालय के फैसले के अनुसार आगे बढ़ेंगे।’’ जॉन ने कहा कि विश्वविद्यालयों में अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए अपने तंत्र होते हैं और छात्रों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने का अधिकार सरकार के पास नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार ने अदालत का रुख नहीं किया था। विश्वविद्यालय ने अपने तंत्र के जरिए छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की और उसी के अनुसार आगे के कदम उठाए।
ऐसे मामलों पर फैसला विश्वविद्यालयों को ही करना होता है।’’ इस बीच, माकपा के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन ने मंत्री और सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय मंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में स्थित है। उन्होंने कहा, ‘‘मंत्री प्रभावी ढंग से हस्तक्षेप करने में विफल रहे और सरकार भी प्रभावी कदम नहीं उठा सकी। कम से कम अब उन्हें खुले तौर पर स्वीकार करना चाहिए कि उनका रुख सही नहीं था।’’
अन्य न्यूज़














