केरल के Pathanamthitta में बैंक का चपरासी गिरफ्तार, 1.35 करोड़ का सोना हड़पने का आरोप

केरल के मल्लाप्पल्ली प्राथमिक कृषि ग्राम विकास बैंक में ग्राहकों के गिरवी रखे 1.35 करोड़ रुपये के सोने के गबन मामले में पुलिस ने चपरासी विजेश जयकुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने लॉकर की चाबी से गहने निकालकर अपने निजी काम में इस्तेमाल किए थे। इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में बैंक सचिव राधा को निलंबित कर दिया गया है।
मल्लाप्पल्ली प्राथमिक कृषि ग्राम विकास बैंक के एक चपरासी को ग्राहकों द्वारा गिरवी रखे गए 1.35 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों के कथित गबन के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान विजेश जयकुमार के रूप में हुई है, जो बैंक में चपरासी के पद पर कार्यरत था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी एक अस्पताल से दर्ज की गई, जहां वह किसी बीमारी के इलाज के लिए भर्ती था। कीझवैपुर थाने में शुक्रवार को दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपी ने बैंक के लॉकर में रखे ग्राहकों के 1,35,68,000 रुपये मूल्य के गिरवी सोने के आभूषणों का कथित तौर पर गबन किया। प्राथमिकी में कहा गया है कि यह कथित अपराध इस वर्ष 31 मार्च से 19 नवंबर के बीच हुआ।
पुलिस ने बताया कि बैंक के शासी निकाय की शिकायत के बाद शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया। प्राथमिकी में बैंक के चपरासी और बैंक सचिव को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने बताया कि जयकुमार ने उसे सौंपी गई लॉकर की चाबी का इस्तेमाल कर लॉकर खोला और उसमें गिरवी रखे सोने के आभूषण निकालकर अपने निजी इस्तेमाल में ले लिए।
पुलिस के अनुसार, लॉकर की चाबी को सुरक्षित रखने के लिए जिम्मेदार सचिव कथित तौर पर इसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहीं और उन्होंने बैंक के खातों के सत्यापन में लापरवाही बरती, जिसकी वजह से यह कथित धोखाधड़ी हुई। इस घटना के सिलसिले में बैंक की सचिव राधा को निलंबित कर दिया गया है।
अन्य न्यूज़













