DMK के बाद कांग्रेस में रहीं अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने थामा भाजपा का दामन, संबित पात्रा ने किया स्वागत

khushbu sundar

भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके आने से तमिलनाडु में पार्टी का विस्तार होगा। अगले साल वहां राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं।

नयी दिल्ली। दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया। इससे पहले वह कांग्रेस में थीं। आज ही उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से हटा दिया गया था। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि, तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष एल मुरूगन, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और राज्यसभा सदस्य जफर इस्लाम की मौजूदगी में उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके आने से तमिलनाडु में पार्टी का विस्तार होगा। अगले साल वहां राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं। 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने खुशबू सुंदर पर लगाया वैचारिक प्रतिबद्धता की कमी का आरोप, कहा- पार्टी छोड़ने से TN में नहीं होगा कोई असर 

पात्रा ने भाजपा में उनका स्वागत करते हुए कहा, ‘‘खुशबू संदुर ने 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। द्रमुक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद वह कांग्रेस में रहीं। उनकी प्रसिद्धि का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राज्य में उनका एक मंदिर तक बनाया गया है। ’’ 

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने खुशबू सुंदर को प्रवक्ता पद से हटाया, भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज 

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु की राजनीति में क्षेत्रीय दलों का वर्चस्व रहा है। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) और ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के इर्दगिर्द ही प्रदेश की राजनीति का पहिया घूमता रहा है। दोनों ही दल बारी-बारी से प्रदेश के साथ-साथ केंद्र की राजनीति में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। फिलहाल, अन्नाद्रमुक का राज्य की सत्ता पर कब्जा है। भाजपा दक्षिण भारत के इस राज्य में अभी तक कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाई है। खुशबू 2014 में कांग्रेस में शामिल होने से पहले द्रमुक में थीं। हाल के दिनों में वह कुछ मुद्दों पर कांग्रेस के आधिकारिक रुख से अलग राय जाहिर कर रही थीं। कुछ महीने पहले उन्होंने पार्टी के रुख से इतर नयी शिक्षा नीति का समर्थन किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़