Kolkata Durga Puja Pandal में भगदड़ से 17 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल

उत्तर कोलकाता के चोरबागान में शनिवार को एक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ के कारण 17 लोगों की जान चली गई और 25 अन्य घायल हो गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार बारिश शुरू होने के बाद आगे बढ़ने की होड़ लगने से यह हादसा हुआ।
उत्तर कोलकाता में दुर्गा पूजा के एक पंडाल में शनिवार को भगदड़ में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी और 25 अन्य लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है।
घटना के बाद कलकत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे अधिकारी ने कहा, ‘‘17 लोगों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया, जबकि 25 अन्य घायल हुए हैं।’’ उन्होंने कहा कि उत्तर कोलकाता में चित्तरंजन एवेन्यू के पास चोरबागान में सामुदायिक दुर्गा पूजा के आयोजकों की एक घोषणा के बाद श्रद्धालुओं में अचानक आगे बढ़ने की होड़ मच गई, जिससे यह ‘‘दुखद घटना’’ हुई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बारिश शुरू हुई, चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर प्रतीक्षा कर रही भीड़ आगे की ओर भागी, जिससे कुछ लोग सड़क पर गिर गए और भगदड़ मच गई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री सरदवत मुखर्जी और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत अस्पताल पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति की खबर से बेहद स्तब्ध हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति और साहस मिले।’’
अन्य न्यूज़













