कोलकाता: नाव में महिला से दुष्कर्म के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि आरोपी की सोशल मीडिया मंच पर महिला से दोस्ती हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शनिवार रात बेहाला से गिरफ्तार कर रविवार को अदालत में पेश किया गया।
कोलकाता के प्रिंसेप घाट के पास गंगा नदी के बीचोंबीच एक नाव में एक महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म करने को लेकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की सोशल मीडिया मंच पर महिला से दोस्ती हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शनिवार रात बेहाला से गिरफ्तार कर रविवार को अदालत में पेश किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना इस साल मार्च में हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने महिला को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर उससे पैसे ऐंठे। उन्होंने बताया कि महिला ने जुलाई में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन आरोपी तब से फरार था।
अधिकारी ने बताया, “आरोपी ने खुद को केंद्र सरकार में एक उच्च पदस्थ अधिकारी बताया और धीरे-धीरे महिला का विश्वास जीत लिया। उन्होंने एक-दूसरे से संपर्क किया और नियमित रूप से बातचीत करने लगे। जब उनकी जान-पहचान गहरी हो गई तब आरोपी ने महिला को सैर के बहाने गंगा में नाव की सवारी के लिए आमंत्रित किया।”
उन्होंने बताया, “महिला मान गई और प्रिंसेप घाट पर आरोपी से मिली, जहां से दोनों नाव लेकर बाबूघाट की ओर चल पड़े। इसी दौरान नदी के बीचोंबीच यह घटना हुई।” पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
अन्य न्यूज़












