Kulgam Encounter: मारे गए आतंकी Umar Dar ने लश्कर कमांडर को 6 महीने दी थी पनाह

Kulgam Encounter: मारे गए आतंकी Umar Dar ने लश्कर कमांडर को 6 महीने दी थी पनाह
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए उमर निसार डार ने छह महीने तक लश्कर-ए-तैयबा कमांडर लतीफ भट को पनाह दी थी। अधिकारियों के अनुसार, दोनों ने मिलकर 11 नवंबर को अखरान में सीआरपीएफ जवानों पर हमला करने से पहले कई इलाकों की रेकी की थी। मुठभेड़ के बाद फरार चल रहे वांछित आतंकी भट की तलाश के लिए सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी है।

कुलगाम में 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों पर हुए हमले में शामिल आतंकवादियों में से एक उमर निसार डार ने कथित तौर पर लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के कमांडर लतीफ भट को करीब छह महीने तक पनाह दी थी और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने हमले को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी भी की थी।

पहले रोटी बनाने का काम करने वाला डार सोमवार को यहां सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अधिकारियों के अनुसार, डार मुठभेड़ से करीब एक सप्ताह पहले ही पाकिस्तान के आतकंवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े गुट ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) में शामिल हुआ था।

सुरक्षा बलों ने डार और लश्कर कमांडर भट की मौजूदगी का पता लारू बाईपास के पास लगाया था। इसके बाद हुई मुठभेड़ में डार मारा गया, जबकि भट भागने में सफल रहा। भट कश्मीर घाटी के सर्वाधिक वांछित आतंकवादियों में से एक है और उसे घाटी का एकमात्र जीवित स्थानीय आतंकवादी बताया जा रहा है।

उसे पकड़ने के लिए मुठभेड़ स्थल के आसपास के बड़े इलाके में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन व्यापक तलाशी अभियान जारी है। अधिकारियों ने बताया कि जांच के अनुसार, डार लंबे समय से भट के संपर्क में था और उसने करीब छह महीने तक उसे छिपने की जगह तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई थीं। इसके बाद दोनों ने इलाके की रेकी की और अखरान गांव में सीआरपीएफ के जवानों पर हमला किया, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।

अधिकारियों के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर के सीसीटीवी फुटेज की जांच में डार और भट कई स्थानों पर लगे कैमरों में दिखाई दिए। फुटेज में हमले से पहले रेकी करते समय और हमले के बाद भागते हुए उनकी गतिविधियां दर्ज हुई हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ने 10 नवंबर को मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम सहित कई स्थानों की रेकी की थी।

माना जा रहा है कि इसका उद्देश्य संभावित ठिकानों की पहचान करना और सुरक्षा बलों पर हमले की योजना बनाना था। डार के लापता होने के बाद उसके परिवार ने कुलगाम पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद की जांच में पता चला कि वह टीआरएफ में शामिल हो गया था।

अधिकारियों ने बताया कि कई दिनों की गहन तलाश के बाद सोमवार को स्थानीय पुलिस को खुफिया जानकारी मिली कि दो युवक लारू बाईपास के पास घूम रहे हैं और उनके हमले में शामिल होने का संदेह है। इसके बाद सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। सुरक्षा बलों की गतिविधियां देखकर दोनों संदिग्ध पास के एक सेब के बाग के नजदीक स्थित दो स्कूलों की ओर भाग गए।

उस समय स्कूलों में बच्चे मौजूद थे। सूचना मिलने के बाद सेना की आसपास की इकाइयां और सीआरपीएफ के जवान भी अभियान में शामिल हो गए तथा इलाके की शुरुआती घेराबंदी की गई। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों की पहली प्राथमिकता दोनों स्कूलों से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना थी, ताकि किसी आम नागरिक की जान न जाए।

बच्चों को सुरक्षित निकालने की इस प्रक्रिया में करीब 90 मिनट लगे। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के बाद सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया। इस दौरान डार मुठभेड़ में मारा गया।

हालांकि, भट का अब तक पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान उसे गोली लगी है और वह घायल हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि जांच में सामने आए नए तथ्यों से अखरान हमले से पहले की घटनाओं, हमलावरों को कथित तौर पर मदद पहुंचाने वाले नेटवर्क और हमले के बाद संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

उन्होंने बताया कि भट की तलाश में संयुक्त अभियान पूरी रात बिना रुके जारी रहा। उसके भागने के रास्तों को बंद करने और उसकी संभावित गतिविधियों का पता लगाने के लिए पूरे इलाके में जवान तैनात किए गए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़