Kumari Selja ने Hansi कांड की उच्च स्तरीय जांच मांगी, पुलिस लाठीचार्ज पर खड़े किए सवाल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सिरसा से कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा के हांसी में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या और प्रदर्शनकारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में देरी को राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताया। हांसी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हुई झड़प के बाद पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हांसी में डेयरी संचालक जीवन कुंडू की हत्या को रविवार को दुखद बताया और एक दिन पहले हुई पुलिस कार्रवाई की उच्च-स्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने जीवन के समर्थन में मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया था। कांग्रेस महासचिव सैलजा ने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में देरी राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

सैलजा ने कहा, ‘‘लोकतंत्र में, शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग कर रहे लोगों के खिलाफ बल प्रयोग को सही नहीं ठहराया जा सकता।’’ शनिवार को, जीवन हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हांसी में स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल की ओर मार्च करने से रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई। इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए जिनमें हांसी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और एक पुलिस उपाधीक्षक भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि झड़प के बाद, हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत महिलाओं समेत 150-200 प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हत्या का जिक्र करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि पीड़ित परिवार पहले ही घर के एक युवा सदस्य को खोने के कारण भारी दुख से गुजर रहा है। जीवन की हत्या चार अगस्त की सुबह हुई, जब हिसार जिले के सूर्य नगर में कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन पर हमला किया।

पुलिस ने बताया कि जीवन अपनी मोटरसाइकिल से ट्रॉली खींचकर गोबर फेंकने जा रहे थे, तभी पड़ोस के 10-12 युवकों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने जीवन को लाठी-डंडों से पीटा जिससे वह बेहोश हो गये। परिवार गंभीर रूप से घायल जीवन को नजदीकी अस्पताल ले गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़