Manipur के तामेंगलोंग में NSCN (IM) के 2 संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार, हथियार बरामद

Prabhasakshi Image

मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में जबरन वसूली के आरोप में प्रतिबंधित संगठन एनएससीएन (आईएम) के दो संदिग्ध सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कैमाई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर सिबिलोंग से पकड़े गए आरोपियों के पास से कारतूस, नकदी और संचार उपकरण मिले हैं। इसके अलावा बिष्णुपुर जिले की लोकतक झील के पास चलाए गए एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त किए।

इंफाल, पांच अगस्त मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में प्रतिबंधित संगठन ‘नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड’ (इसाक-मुइवा) के दो संदिग्ध सदस्यों को जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि एनएससीएन (आईएम) के दोनों संदिग्ध सदस्यों को मंगलवार को कैमाई थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर स्थित सिबिलोंग से पकड़ा गया।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान भालोक गांव निवासी गैसुआकलुंग नगाओमेई (45) और सिबिलोंग पार्ट-दो निवासी जॉब गंगमेई (29) के रूप में हुई है। दोनों तामेंगलोंग जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने उनके पास से एक कारतूस, 22,000 रुपये नकद और चार्जर सहित दो संचार उपकरण बरामद किए।

सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान में बिष्णुपुर जिले में लोकतक झील के पास सेंद्रा पहाड़ी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए। पुलिस ने बताया कि बरामद वस्तुओं में मैगजीन सहित 0.32 बोर की एक पिस्तौल, एक ‘सिंगल बैरल ब्रीच लोडिंग’ (एसबीबीएल) बंदूक, 0.22 बोर की एक बोल्ट-एक्शन राइफल, मैगजीन सहित एक जेफरसन राइफल, मैगजीन सहित स्थानीय रूप से निर्मित नौ कार्बाइन, मैगजीन सहित स्थानीय रूप से निर्मित दो एमपी-5 हथियार और छह पैकेट में रखे आईईडी शामिल हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़