Faridabad Court में तीसरी मंजिल से कूदी किशोरी, मेडिकल जांच में गर्भवती होने का हुआ था खुलासा

हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को अदालत परिसर के शौचालय की खिड़की से 14 वर्षीय एक किशोरी नीचे कूद गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान अपने गर्भवती होने की बात पता चलने पर वह घबरा गई थी। टीन शेड पर गिरने के कारण उसकी जान बच गई और फिलहाल निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को 14-वर्ष की एक किशोरी ने अपने गर्भवती होने का पता चलने के कुछ ही देर बाद स्थानीय अदालत परिसर की तीसरी मंजिल के शौचालय की खिड़की से कथित तौर पर छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गई। वह हाल ही में लापता होने के बाद मिली थी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, किशोरी नीचे लगे टिन शेड पर गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि, उसे गंभीर चोटें आई हैं और उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि किशोरी कुछ दिन पहले घर से चली गई थी, जिसके बाद उसके परिवार ने डबुआ थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने शुक्रवार को उसे बरामद कर परिवार को सौंप दिया था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह अपनी रिश्तेदार के घर रहने चली गई थी। चिकित्सकीय जांच के बाद शनिवार को उसका बयान दर्ज कराने के लिए उसे अदालत लाया गया था।
पुलिस ने बताया कि अदालत खुलने के बाद जब उसकी चिकित्सकीय रिपोर्ट की समीक्षा की गई तो पता चला कि किशोरी गर्भवती है। यह जानकारी मिलने के बाद वह घबरा गई। उसने कथित तौर पर उल्टी जैसा महसूस होने का बहाना किया, जिसके बाद उसके साथ मौजूद महिला कांस्टेबल उसे शौचालय ले गई और खुद बाहर खड़ी रही।
पुलिस के अनुसार, शौचालय के अंदर किशोरी ने खिड़की खोली और वहां से छलांग लगा दी।
अन्य न्यूज़













