कांग्रेस का नाता ‘85 प्रतिशत’ कमीशन से रहा है : मोदी ने चुनावी राज्य Karnataka में कहा

Modi
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Commons

दक्षिण कर्नाटक के ओल्ड मैसुरु में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मोदी ने विपक्षी दल जनता दल (सेक्युलर) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्हें अस्थिरता का प्रतीक करार दिया। इस क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पकड़ कमजोर मानी जाती है और पार्टी बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखने के लक्ष्य को लेकर वोक्कालिगा बहुल क्षेत्र में और अधिक सीट जीतना चाहती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए रविवार को कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी का नाता ‘85 प्रतिशत कमीशन’ से रहा है और हजारों करोड़ों रुपये के घोटाले के सिलसिले में ‘शाही परिवार’ जमानत पर है। दक्षिण कर्नाटक के ओल्ड मैसुरु में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मोदी ने विपक्षी दल जनता दल (सेक्युलर) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्हें अस्थिरता का प्रतीक करार दिया। इस क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पकड़ कमजोर मानी जाती है और पार्टी बहुमत के साथ सत्ता बरकरार रखने के लक्ष्य को लेकर वोक्कालिगा बहुल क्षेत्र में और अधिक सीट जीतना चाहती है।

मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘इस पार्टी (कांग्रेस) का मुख्य लक्ष्य दिल्ली में बैठे एक परिवार की सेवा करना है, और जद(एस) एक परिवार की पूरी तरह से एक ‘प्राइवेट लिमिटेड पार्टी’ है।’’ कोलार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष एम. मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा उन्हें ‘जहरीला सांप’ कहे जाने को लेकर उन पर कड़ा प्रहार किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सांप भगवान शिव के गले की शोभा है और उनके लिए देश की जनता ‘भगवान का रूप’ है एवं उन्हें उनके (भगवान के) गले में लिपटे सांप से तुलना किए जाने पर कोई परेशानी नहीं है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यही वजह है कि कांग्रेस और उसके ‘शाही परिवार’ पर से देश का भरोसा उठ गया है। कांग्रेस की छवि हमेशा से 85 प्रतिशत कमीशन से नाता रखने वाली पार्टी की रही है। कांग्रेस के शासन के दौरान उसके एक शीर्ष नेता एवं तत्कालीन प्रधानमंत्री ने गर्व से कहा था कि अगर वह दिल्ली से एक रुपया भेजते हैं तो केवल 15 पैसा जमीन (जनता) तक पहुंचता है। कांग्रेस अपने ‘पंजे’ (पार्टी के चुनाव चिह्न) का इस्तेमाल गरीबों का यह 85 पैसा छीनने में करती रही है।’’

कोलार में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का आरोप नहीं है, बल्कि कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था। जो कांग्रेस 85 प्रतिशत कमीशन खाती हो, वह कर्नाटक का विकास नहीं कर सकती।’’ प्रधानमंत्री का यह हमला कांग्रेस के उस आरोप के बाद आया है जिसमें उसने आरोप लगाया था कि कर्नाटक की भाजपा सरकार ठेकेदारों से ‘40 प्रतिशत कमीशन’ लेती है। मोदी ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार द्वारा भेजी गई शत-प्रतिशत राशि आज लाभार्थियों तक पहुंच रही है। गत नौ साल में ‘डिजिटल इंडिया’ के माध्यम से 29 लाख करोड़ रुपये गरीबों के खातों में विभिन्न योजनाओं के तहत भेजे गए।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘अगर कांग्रेस का कमीशन के नाम पर ‘85 प्रतिशत राशि’ खाने का सिलसिला जारी रहता तो इनमें से 24 लाख करोड़ रुपये गरीबों तक नहीं पहुंचते।’’उन्होंने कहा कि लोग ‘कल्पना करें कि कांग्रेस नेताओं ने पहले कितने लाख करोड़ रुपये अपनी तिजोरी में भरे।’’ मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार के मामले में ‘समृद्ध’ है और वह कभी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने ऐसी कोई योजना या कार्यक्रम तैयार नहीं किया, जिसमें भ्रष्टाचार न हो।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यहां तक कि आज भी कांग्रेस का ‘शाही परिवार’ और उसके करीबी लोग हजारों करोड़ रुपये के घोटाले के मामलों में जमानत पर हैं। जो भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे हैं और जमानत पर हैं वे कर्नाटक में आकर उपदेश दे रहे हैं। जिस कांग्रेस के शीर्ष नेता भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हैं और ‘शाही परिवार’ के सदस्य जमानत पर हैं, वह पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकती।’’ मोदी ने जोर देकर कहा कि केवल भाजपा ही तेजी से और कड़ाई से भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।

उन्होंने रेखांकित किया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी कार्रवाई की वजह से कांग्रेस सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही है। मोदी ने कहा कि यही वजह है कि कांग्रेस की उनके प्रति ‘नफरत’ दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने मुझ पर अपने हमले और बढ़ा दिए हैं। कांग्रेस के लोग इन दिनों धमकी दे रहे हैं। वे कह रहे हैं कि ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’। अब कर्नाटक का चुनाव है और कांग्रेस का सबसे बड़ा मुद्दा सांप और उसका जहर है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता उनकी तुलना सांप से कर रहे हैं और लोगों से वोट देने की अपील कर रहे हैं। मोदी ने कहा, ‘‘लेकिन सांप भगवान शिव के गले की शोभा है और मेरे लिए मेरे देश की जनता भगवान का रूप है, वे (जनता) भगवान शिव का रूप हैं।

इसलिए मुझे कोई आपत्ति नहीं है, अगर लोगों के गले में (मैं) सांप की तरह लिपटा रहूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता है कि कर्नाटक की जनता और संत और संस्कार की यह भूमि कांग्रेस की इन गालियों का माकूल जवाब अपने मत से देगी। कांग्रेस के प्रति लोगों का गुस्सा 10 मई (मतदान के दिन) को उनके मतों के जरिये प्रदर्शित होगा।’’ गौरतलब है कि खरगे ने बृहस्पतिवार को कर्नाटक में एक चुनावी सभा में कहा था कि मोदी ‘जहरीले सांप’ की तरह हैं। हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनकी मंशा किसी की भावना को आहत करने की नहीं थी और उनका बयान ‘प्रधानमंत्री मोदी को लेकर नहीं था, उन नीतियों को लेकर था, जिनका वह प्रतिनिधित्व करते हैं।’’

मोदी ने रविवार शाम हासन जिले के बेलूरु में एक और जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने जद(एस) को कांग्रेस की ‘बी’ टीम बताया। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जद(एस) को दिया गया आपका प्रत्येक वोट कांग्रेस के खाते में जाएगा, जबकि कांग्रेस को वोट देने का मतलब कर्नाटक के विकास पर ‘ब्रेक’ लगाना होगा।’’ मोदी ने कहा, ‘‘इस बार कर्नाटक ने दशकों की जोड़-तोड़ (गठबंधन) की राजनीति खत्म करने का फैसला किया है। कांग्रेस और जद(एस), दोनों ही अस्थिरता के प्रतीक हैं। जिस भी राज्य में कांग्रेस की सरकारें बची हैं, वहां इसकी पहचान इसके नेताओं के बीच प्रतिद्वंद्विता है। आप देख रहे हैं कि राजस्थान और छत्तीसगढ़ में क्या हो रहा है।’’

हासन, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा का गृह जिला और जद(एस) का गढ़ है। मोदी ने कहा कि जद(एस) किसी भी तरह 15-20 सीट जीतना चाहती है और ‘लूट-खसोट’ में हिस्सा चाहती है। उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में, कांग्रेस और जद(एस) यह प्रदर्शित कर रहे हैं कि वे एक दूसरे के विरोधी दल हैं। आप 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस और जद(एस) के दिये बयानों को देख सकते हैं, वे एक दूसरे को अपशब्द कह रहे थे। और जब चुनाव के नतीजे घोषित होने वाले थे तब उन्होंने आपस में हाथ मिला लिया। इस तरह की लड़ाई दोनों दलों के बीच डब्ल्यूडब्ल्यूई (वर्ल्ड रेसलिंग इंटरटेनमेंट) की तरह है।’’ हासन आने से पहले मोदी ने चन्नापटना में एक रैली को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और जद(एस) पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने दोनों दलों पर आरोप लगाया कि वे कर्नाटक को एक एटीएम समझते हैं और इसकी अस्थिरता में अवसर पाते हैं। चन्नापटना से जद(एस) नेता एचडी कुमारस्वामी ने 2018 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सी पी योगेश्वर को हराया था। कुमारस्वामी फिर से इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़