MPSC पेपर लीक: मुंबई क्राइम ब्रांच ने दाखिल की पहली चार्जशीट, अनुभाग अधिकारी मुख्य साजिशकर्ता

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की औषधि निरीक्षक परीक्षा के पर्चा लीक मामले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अदालत में 3,000 पन्नों का आरोपपत्र पेश किया है। इसमें सहायक अनुभाग अधिकारी विश्वेश्वर नकाते पर प्रश्न बैंक से 300 सवाल चुराकर अवर सचिव को सौंपने का मुख्य आरोप है। मामले में गिरफ्तार तीन अधिकारियों सहित छह आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य दिए गए हैं।

मुंबई अपराध शाखा ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की औषधि निरीक्षक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में पहला आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसमें एक अनुभाग अधिकारी को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक विज्ञप्ति के अनुसार, 3,000 से अधिक पन्नों का आरोपपत्र शुक्रवार को विशेष भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अदालत में दाखिल किया गया।

इसमें अगस्त में गिरफ्तार किए गए एमपीएससी के तीन अधिकारियों समेत छह आरोपियों के नाम शामिल हैं। आरोपपत्र में दावा किया गया है कि एमपीएससी में सहायक अनुभाग अधिकारी विश्वेश्वर नकाते के पास प्रश्न बैंक तक पहुंच थी और उसने कथित तौर पर प्रश्नपत्र लीक किए। उसने इस मामले का खुलासा होने की स्थिति में खुद को बचाने के लिए आयोग के अवर सचिव अभिजीत लेंडवे को भी इस साजिश में शामिल कर लिया था।

नकाते नवी मुंबई स्थित एमपीएससी कार्यालय में प्रश्न बैंक के मेटा सेट की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार था। आरोप है कि उसने अपने लैपटॉप पर इस सेट से 300 प्रश्न टाइप किए, उनका प्रिंट निकाला और आयोग के कार्यालय के पार्किंग क्षेत्र में लेंडवे को सौंप दिया। विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपपत्र में गिरफ्तार किए गए 13 आरोपियों और दो वांछित व्यक्तियों के नाम शामिल हैं।

हालांकि, इसमें केवल छह आरोपियों के खिलाफ सबूत पेश किए गए हैं। शेष आरोपियों के खिलाफ दिसंबर में पूरक आरोपपत्र दाखिल किए जाने की संभावना है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।

आरोपपत्र में दो आरोपियों के बीच कथित अनबन का भी ब्योरा दिया गया है। इनमें परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल करने वाली ऋतुजा पाटिल और बाद में इस मामले का खुलासा करने वाले लोकश उर्फ गौरव पाटिल शामिल हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़