Muzaffarnagar में ट्रक और SUV की भिड़ंत, एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत

पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। कार सवार लोग लक्सर से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुजफ्फरनगर (उप्र), छह अक्टूबर मुजफ्फरनगर के पुरकाजी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक की एसयूवी से टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सोमवार देर रात पुरकाजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरकाजी-लक्सर मार्ग पर हुआ, जब कार में सवार लोग लक्सर से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे।
मृतकों की पहचान आदेश कुमार (50), निशा (35), राखी (35) और शारदा (10) के रूप में हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। एसएसपी ने यहां संवाददाताओं से कहा, हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने बताया कि तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार हो रहा है। एसएसपी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अन्य न्यूज़













