Yuge Yugeen Bharat Museum: नॉर्थ ब्लॉक में 2027 तक खुलेगी पहली विथिका

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ परियोजना के तहत नॉर्थ ब्लॉक में ‘अलंकरण’ थीम पर पहली विथिका वर्ष 2027 के उत्तरार्द्ध में आम लोगों के लिए शुरू होगी। कैबिनेट ने नॉर्थ और साउथ ब्लॉक के पुन: उपयोग से बनने वाले इस विशाल संग्रहालय के विकास के लिए 3230 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। यह पूरी परियोजना 2031 तक चरणबद्ध तरीके से पूरी होगी।
भारत सरकार की महत्वकांक्षी ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ परियोजना चरणबद्ध तरीके से 2031 तक पूरी तरह से क्रियान्वित होगी, लेकिन नॉर्थ ब्लॉक में ‘अलंकरण’ की थीम पर बनने वाली पहली विथिका 2027 के उत्तरार्द्ध में आम जनता के लिए खुलने की उम्मीद है। सरकार ने बुधवार को यह जानकारी दी। सरकार के मुताबिक, अधिक विथिकाओं को जोड़ने के लिए चरणबद्ध तरीके वाला (मॉड्यूलर) दृष्टिकोण तैयार किया जा रहा है।
सामग्री और संग्रह का विश्लेषण किया जा रहा है। उसने बताया कि स्थापित किये जाने वाले संग्रहालय में प्रदर्शित करने के लिए लगभग 18 लाख वस्तुओं की पहचान की गई है, जो दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय, संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले अन्य संग्रहालयों, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के 52 साइट संग्रहालयों, विभिन्न राज्य संग्रहालयों और निजी संग्रहों से ली जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में, दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसरों के पुन: उपयोग के माध्यम से एवं 3230 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित परियोजना लागत से ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय के विकास को मंजूरी दी गई।
अधिकारियों ने पूर्व में बताया था कि यह दुनिया का संभवत: सबसे बड़ा संग्रहालय होगा, जिसमें विषय-आधारित आठ खंड होंगे जो 5,000 से अधिक वर्षों के भारत के इतिहास को दर्शाएंगे। इस महत्वाकांक्षी संग्रहालय परियोजना की घोषणा प्रधानमंत्री ने 18 मई, 2023 को की थी। इसका नेतृत्व संस्कृति मंत्रालय कर रहा है।
सीसीईए ने कहा कि ऐतिहासिक नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर का पुन:उपयोग करके संग्रहालय विकसित किया जाएगा, जिसमें ‘इनकी वास्तुशिल्प विशेषताओं और विरासत के महत्व को सुरक्षित रखते हुए इन्हें एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान में बदला जाएगा। सीसीईए ने कहा कि सरकारी कार्यालयों को स्थानांतरित किये जाने के बाद ऐतिहासिक नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक ‘किसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक सांस्कृतिक उद्देश्य के लिए उनके नए उपयोग का एक अनूठा अवसर’ प्रदान करते हैं। नॉर्थ ब्लॉक में पहले गृह मंत्रालय, वित्त मंत्रालय और केंद्र सरकार के अन्य कार्यालय स्थित थे, जबकि साउथ ब्लॉक में रक्षा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय थे।
अब इन सरकारी कार्यालयों को इंडिया गेट के नजदीक नवनिर्मित ‘कर्तव्य भवनों’ में स्थानांतरित कर दिया गया है। दिल्ली की नयी राजधानी को 1912 से 1931 के बीच सर एडविन लैंडसीर लुटियंस और सर हर्बर्ट बेकर ने डिजाइन किया और बनवाया था। पहले वायसराय हाउस कहे जाने वाले राष्ट्रपति भवन के साथ-साथ दो भव्य इमारतें -नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक- रायसीना हिल परिसर का मुख्य आकर्षण हैं।
सीसीईए ने अपने बयान में कहा, ‘‘इस परियोजना का उद्देश्य इन प्रतिष्ठित इमारतों के वास्तुशिल्प और विरासत स्वरूप को संरक्षित करना है, साथ ही उन्हें एक नयी संस्थागत भूमिका देना है।’’ इसमें कहा गया कि यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक विभिन्न चरणों में लागू की जाएगी। सरकार ने कहा, ‘‘अलंकरण की थीम पर आधारित पहली विथिका, 2027 के उत्तरार्द्ध में नॉर्थ ब्लॉक में आम जनता के लिए खोले जाने की उम्मीद है।’’ केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मई महीने में ‘पीटीआई वीडियो’ को दिये साक्षात्कार में इस परियोजना के बारे में विस्तार से बात की थी। उन्होंने बताया कि मोदी ने संस्कृति मंत्रालय को इस परियोजना के पहले चरण को पूरा करने और उसका उद्घाटन करने के लिए वर्ष 2028 का लक्ष्य दिया है।
उन्होंने कहा था कि नॉर्थ और दक्षिण ब्लॉक को उनके मूल डिजाइन के साथ संरक्षित करने का कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद, एक वैश्विक निविदा के जरिये चुने गए ‘कंसोर्टियम’ द्वारा इन्हें ‘युगे युगीन भारत राष्ट्रीय संग्रहालय’ में बदलने का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। सीसीईए ने बताया कि ‘वास्तुकला और शहरी परिदृश्य’, ‘गणित और खगोल विज्ञान’, ‘भाषाएं और लिपियां’, ‘आस्था और आध्यात्मिकता’ तथा ‘भारत संपर्क- व्यापार और विचार’ जैसे विषयों पर अन्य विथिकाएं होंगी।
पूरी तरह से तैयार हो जाने के बाद, इस संग्रहालय में रोज़ाना औसतन 30,000 से 35,000 आगंतुकों के आने की उम्मीद है।
अन्य न्यूज़














