किशनगंज बॉर्डर पर नेपाल पुलिस ने भारतीय युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

bihar

बिहार के किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल पुलिस ने एक भारतीय नागरिक को गोली मार दी है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा पर ’नो मैन्स लैंड’ में नेपाल पुलिस द्वारा की गयी गोलीबारी में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने रविवार को बताया कि घायल व्यक्ति का नाम जितेंद्र कुमार सिंह (25) है जो किशनगंज जिले के फतेहपुर थाना अंतर्गत माफिया टोला गांव का निवासी है। यह घटना शनिवार देर शाम करीब 9:30 बजे की है। उस वक्त भारत-नेपाल सीमा पर पिलर नंबर 152 के पास जितेंद्र तीन अन्य लोगों के साथ अपने मवेशियों को लाने जा रहा था। सूत्रों ने बताया कि जितेंद्र के बाएं हाथ में गोली लगी है, और उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पूर्णिया रेफर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि स्थानीय पुलिस और सशस्त्र सीमा बल :एसएसबी: द्वारा मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से प्राप्त जानकारी के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने मवेशियों को देखने गए थे, उनके बीच हुए विवाद के बाद यह घटना घटी। 

इसे भी पढ़ें: ओली-प्रचंड के बीच सुलह कराने के लिए नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी ने बुलाई अहम बैठक

एसएसबी के 12 वीं बटालियन के कमांडेंट ललित कुमार ने बताया कि नेपाल पुलिस ने उनके (ग्रामीणों) पशु तस्कर होने के संदेह पर गोली चला दी थी। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान किसी भी व्यक्ति का ’नो मैन्स लैंड’ में जाना प्रतिबंधित है। ललित ने कहा कि विवाद के बाद नेपाल पुलिस द्वारा की गयी गोलीबारी से स्थिति बिगड़ गयी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। एसएसबी के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नेपाल पुलिस द्वारा चार राउंड फायरिंग की गयी। उल्लेखनीय है कि 12 जून को बिहार के सीतामढ़ी जिले के लालबंदी जानकी नगर गांव के पास भारत-नेपाल सीमा पर नेपाल पुलिस द्वारा की गई गोलीबारी में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य घायल हो गए थे। नेपाली पुलिस गश्ती दल एक व्यक्ति को पकड़कर अपनी पुलिस चौकी (नेपाल में) ले गये थे जिसके बाद जानकी नगर के कुछ ग्रामीण उसे मुक्त करने के लिए वहाँ गए थे और इस दौरान हुई के बाद नेपाली पुलिस ने गोलीबारी की जिसमें एक की मौत हो गई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़