NHRC ने Veer Bal Diwas पर स्कूलों में जागरूकता की कमी पर शिक्षा मंत्रालय को भेजा नोटिस

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्कूलों में वीर बाल दिवस से जुड़ी गतिविधियों को पर्याप्त महत्व न मिलने की शिकायत पर शिक्षा मंत्रालय से जवाब मांगा है। आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने दो हफ्ते के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने 26 दिसंबर को मनाए जाने वाले ‘वीर बाल दिवस’ से संबंधित जागरूकता और शैक्षणिक गतिविधियों को पर्याप्त महत्व नहीं दिए जाने की शिकायत पर शिक्षा मंत्रालय को नोटिस जारी किया है। शिकायत में 14 नवंबर को स्कूलों में आयोजित होने वाले समारोहों का उल्लेख किया गया है। इस दिन जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन होता है, जिसे ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

तेरह नवंबर की मामले की कार्यवाही के विवरण के अनुसार, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने नोटिस प्राप्त होने की तारीख से दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। कार्यवाही के विवरण के मुताबिक, ‘सेवा न्याय उत्थान फाउंडेशन’ के संजीव नेवर ने यह शिकायत दर्ज कराई है। इसमें आयोग का ध्यान ‘‘वीर बाल दिवस के प्रति जागरूकता और इसके आयोजन से जुड़ी चिंताओं’’ की ओर दिलाया गया है।

सरकार ने गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में हर साल 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने को आधिकारिक मान्यता दी है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि देशभर के स्कूलों में 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में समारोह आयोजित किए जाते हैं, लेकिन ‘‘वीर बाल दिवस और साहिबजादों के असाधारण साहस, बलिदान तथा ऐतिहासिक महत्व से जुड़ी जागरूकता और शैक्षणिक गतिविधियों को उतना महत्व नहीं दिया गया है, जितना दिया जाना चाहिए।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़