Shivraj Singh Chouhan ने Rahul Gandhi पर बोला हमला, कहा- चुनाव बिना सत्ता चाहते हैं

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा के बलांगीर में आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी मतदाता सूची पुनरीक्षण पर झूठी बयानबाजी कर लोकतंत्र कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने पूर्व में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश की थी। चौहान अपने दौरे में भाजपा के लोकतंत्र बचाओ अभियान में शामिल होंगे।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘‘झूठा’’ बताते हुए उन पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर झूठे विमर्श गढ़कर देश में लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। बलांगीर जिले में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे चौहान ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनाव के बिना सत्ता परिवर्तन करने की कोशिश कर रहे हैं। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने दावा किया, ‘‘राहुल गांधी का जन्म उस दिन हुआ था जब एक लाख झूठे मरे थे।

वह झूठ फैला रहे हैं और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए काम कर रहे हैं। उनकी पार्टी ने पूर्व में देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की थी।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता चौहान ने कहा कि ओडिशा के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वह पार्टी के लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान में शामिल होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़