Noida में 90 लाख रुपये के MDMA के साथ घाना और उज्बेकिस्तान के दो नागरिक गिरफ्तार

Noida में 90 लाख रुपये के MDMA के साथ घाना और उज्बेकिस्तान के दो नागरिक गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन के पास से पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने दो विदेशी तस्करों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से 920 ग्राम एमडीएमए और एक स्कूटी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी बिना वैध वीजा या पासपोर्ट के दिल्ली से नशा खरीदकर एनसीआर और आगरा में आपूर्ति करते थे।

नोएडा पुलिस और आगरा जोन की एएनटीएफ ने सोमवार को नॉलेज पार्क-2 मेट्रो स्टेशन के पास से घाना और उज्बेकिस्तान के दो नागरिकों को नशे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनके कब्जे से 920 ग्राम एमडीएमए और एक स्कूटी बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।

ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घाना निवासी उसुलोर और उज्बेकिस्तान निवासी लायलो शरजाय के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों दिल्ली से एमडीएमए खरीदकर दिल्ली-एनसीआर और आगरा क्षेत्र में सप्लाई करते थे। अधिकारी ने बताया कि उनके पास से वीजा या पासपोर्ट नहीं मिला है और स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) उनसे पूछताछ कर रही है।

उन्होंने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़