Mizoram में DRI की बड़ी कार्रवाई, 8.64 करोड़ रुपये मूल्य की 43 लाख से अधिक विदेशी सिगरेट जब्त

राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने मिजोरम के आइजोल जा रहे एक ट्रक से विदेशी सिगरेट की एक विशाल खेप पकड़ी है। अधिकारियों ने तुइरियाल गांव के पास कार्रवाई करते हुए 'पैट्रन' ब्रांड की 43.2 लाख सिगरेट बरामद कीं और वाहन चालक को हिरासत में ले लिया। आशंका है कि इन सिगरेटों को स्वास्थ्य चेतावनियों के बिना म्यांमा के रास्ते तस्करी कर लाया गया था।
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने मिजोरम में 8.64 करोड़ रुपये मूल्य की 43.2 लाख विदेशी सिगरेट जब्त की हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अधीन डीआरआई की आइजोल क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने आइजोल जा रहे एक ट्रक को चम्फाई-आइजोल मार्ग पर तुइरियाल गांव के पास रोका।
मंत्रालय ने बयान में बताया कि ट्रक की तलाशी के दौरान ‘पैट्रन’ ब्रांड की सिगरेट के 432 कार्टन बरामद किए गए। इनमें 43.2 लाख सिगरेट थीं। संदेह है कि इन सिगरेट की तस्करी पड़ोसी देश म्यांमा से की गई थी।
जांच में पाया गया कि सिगरेट के पैकेट पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के तहत अनिवार्य चित्रात्मक और स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां नहीं थीं। बयान के अनुसार, सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत सिगरेट और ट्रक को जब्त कर लिया गया जबकि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। बयान में कहा गया कि इस जब्ती से विदेशी तंबाकू उत्पादों की अवैध आवाजाही के लिए सीमापार मार्गों के इस्तेमाल का पता चलता है।
यह तस्करी नेटवर्क को खत्म करने और संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी एवं प्रवर्तन मजबूत करने के डीआरआई के प्रयासों का हिस्सा है।
अन्य न्यूज़













