Delhi Police के सिपाही और उसके साथी ने किया अपहरण, डेढ़ लाख फिरौती मांगने पर गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तरी दिल्ली जिला साइबर सेल में तैनात सिपाही मोइन अली और उसके साथी अख्तर को अपहरण व फिरौती के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी 2024 बैच के इस सिपाही को सेवा से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े दो अन्य फरार संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के उत्तरी दिल्ली जिला साइबर प्रकोष्ठ में तैनात एक कांस्टेबल और उसके साथी को एक व्यक्ति का अपहरण करने और डेढ़ लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच के बाद उत्तरी जिले के कोतवाली थाने ने आरोपी मोइन अली और उसके साथी अख्तर को गिरफ्तार कर लिया।

सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला अली 2024 बैच का कांस्टेबल है। अपराध में उसकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसे सेवा से निलंबित कर दिया गया है। सूत्र के मुताबिक, कथित अपहरण और फिरौती की मांग के संबंध में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी।

इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की कथित संलिप्तता स्थापित करने के लिए तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों से जानकारी जुटाई। सूत्र ने बताया कि जांच के दौरान जुटाई गई जानकारी से पुलिस को संदिग्धों की पहचान करने में मदद मिली, जिसके बाद अली और अख्तर को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को एक अदालत ने जेल भेज दिया है।

पुलिस अब मामले से जुड़े दो और संदिग्धों की तलाश कर रही है। जांचकर्ता घटनाओं के क्रम और प्रत्येक आरोपी की भूमिका का पता लगाने के लिए कथित अपहरण और उसके बाद पैसों की मांग से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। सूत्र ने कहा कि कथित अपराध में और लोगों के शामिल होने का पता लगाने और अपहरण व वसूली के मामले के संबंध में अतिरिक्त साक्ष्य जुटाने के लिए आगे की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़