PM Narendra Modi पर टिप्पणी: नोएडा में महिला के खिलाफ दर्ज FIR दिल्ली स्थानांतरित

PM Narendra Modi पर टिप्पणी: नोएडा में महिला के खिलाफ दर्ज FIR दिल्ली स्थानांतरित
प्रतिरूप फोटो

जंतर-मंतर पर नीट प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में नोएडा में एक महिला पर दर्ज शून्य प्राथमिकी को आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है। शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान की गई इन टिप्पणियों से सार्वजनिक शांति भंग होने और समाज में दुश्मनी पैदा होने की आशंका थी। घटना स्थल दिल्ली पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने के कारण अब इस मामले की जांच संसद मार्ग थाना पुलिस करेगी।

जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोप में नोएडा में एक महिला के खिलाफ दर्ज ‘शून्य प्राथमिकी’ को आगे की जांच के लिए दिल्ली स्थानांतरित कर दिया गया है। मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह बात कही। एक शिकायत के आधार पर 29 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें आरोप लगाया गया था कि महिला ने 23 जुलाई को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था।

शिकायत के अनुसार, कथित टिप्पणियों से प्रधानमंत्री पद की गरिमा कम हुई और इनसे समाज में दुश्मनी पैदा होने तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका थी। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 352 (शांति भंग करने के लिए जान-बूझकर अपमान करना), 353(1) (सार्वजनिक उपद्रव) और 356(1) (आपराधिक मानहानि) के तहत ‘शून्य प्राथमिकी’ के तौर पर दर्ज किया गया है और अब इसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है, क्योंकि जिस इलाके में कथित घटना हुई, वह दिल्ली पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आता है। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि प्राथमिकी की प्रति मिलने के बाद पुलिस शून्य प्राथमिकी के विवरण की जांच करेगी, मामले पर आपस में चर्चा करेगी और जांच को आगे कैसे बढ़ाया जाए, इस पर कानूनी राय लेगी।

अधिकारी ने कहा, “जांच पूरी तरह से कानून और सभी तय दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी।” एक सूत्र ने बताया कि स्थानांतरित प्राथमिकी संसद मार्ग पुलिस थाने को मिलेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़