ओडिशाः बस हादसे में मरने वालों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान

[email protected] । Apr 18 2016 3:25PM

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटानयक ने आज देवगढ़ बस हादसे में जान गवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रूपये का मुआवजा देने का ऐलान किया।

भुवनेश्वर-देवगढ़। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटानयक ने आज देवगढ़ बस हादसे में जान गवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजन को दो लाख रूपये का मुआवजा देने का ऐलान किया। इस दुर्घटना में 27 लोगों की जान चली गई और 11 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया ''मुख्यमंत्री ने बस हादसे में मारे गए प्रत्येक मृतक के रिश्तेदार को दो लाख रूपये का मुआवजा देने और घायलों को मुफ्त इलाज मुहैया कराने का आदेश दिया है।’’ बस रविवार शाम एक ओपेरा मंडली के कलाकारों को लेकर बारगढ़ जिले के रेमता से देवगढ़ लौट रही थी, रास्ते में वह तिलएबनी गैलो घाट की पहाड़ी में करीब 300 फुट नीचे गिर पड़ी। बस में महिलाएं और बच्चे भी सवार थे।

पुलिस के एक आला अधिकारी ने कहा कि पहले मृतकों की संख्या 25 थी लेकिन बचाव दल ने अहले सुबह दो और शवों को बरामद किया, जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई। देवगढ़ के पुलिस अधीक्षक एस शर्मा ने कहा कि 11 घायलों में से छह को बुरला के वीएसएस चिकित्सा विज्ञान संस्थान में स्थानंतरित किया गया है जबकि बाकी के पांच का इलाज देवगढ़ के जिला मुख्यालय अस्पताल में चल रहा है। शवों का पोस्टमार्टम देवगढ़ अस्पताल में किया गया और उनकी शिनाख्त करने के लिए कदम उठाए गए हैं।

बचाव अभियान रातभर चला, लेकिन मुश्किल पहाड़ी इलाके, जंगल और खराब दृश्यता की वजह से इसमें रूकावट आई। बचाव अभियान आज सुबह खत्म हुआ और इसे दमकल कर्मियों और पुलिस कर्मियों ने चलाया था। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अंधेरे में बचाव अभियान चलाने के लिए जेनेटर का भी इस्तेमाल किया गया, जबकि अभियान की निगरानी करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

All the updates here:

अन्य न्यूज़