Jammu Kashmir में काम करने वाली कंपनियां स्थानीय युवाओं को दें रोजगार: Omar Abdullah

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को निर्देश दिया कि केंद्र शासित प्रदेश में कारोबार करने वाली इकाइयों को स्थानीय युवाओं को काम पर रखना होगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कर्मी न मिलने की बात कहकर बाहर से भर्तियां करना स्वीकार नहीं होगा। अब्दुल्ला के अनुसार जरूरत पड़ने पर युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए एक साल तक की छूट दी जा सकती है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में अपना कारोबार शुरू करने वाली कंपनियों को स्थानीय युवाओं को नौकरी देनी होगी। उन्होंने साफ कहा कि प्रशिक्षित कर्मचारी उपलब्ध नहीं होने का बहाना बनाकर बाहर के लोगों को नौकरी देने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब्दुल्ला ने यह बात जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों में 30 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करने के दौरान कही।
उन्होंने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर सरकार सभी क्षेत्रों का समान विकास करने के लिए प्रतिबद्ध है। अब्दुल्ला ने कहा कि कंपनियों को स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए छह महीने से एक साल तक का समय दिया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, यहां के युवाओं को केवल अपनी क्षमता दिखाने का मौका चाहिए।
कठुआ में लोगों को संबोधित करते हुए अब्दुल्ला ने कहा, “हम यह बहाना बर्दाश्त नहीं करेंगे कि स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित युवा उपलब्ध नहीं हैं। हम आपको अपने युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए छह महीने या एक साल का समय दे सकते हैं। हमारे यहां अकादमियां, प्रशिक्षण केंद्र, कॉलेज और विश्वविद्यालय हैं।”
अन्य न्यूज़













