UP Link Expressway टेंडर में Pawan Khera ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने लखनऊ में प्रेस वार्ता कर उत्तर प्रदेश सरकार पर चार लिंक एक्सप्रेसवे के ठेकों में मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि छह कंपनियों ने आपस में सात पैकेज बांटे हैं। खेड़ा ने इन परियोजनाओं के लिए राज्य मंत्रिमंडल द्वारा 17,542 करोड़ रुपये की दी गई मंजूरी पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चार लिंक एक्सप्रेसवे के लिए दिये गए ठेकों में मिलीभगत और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। खेड़ा ने दावा किया कि छह कंपनियों ने आपस में सात पैकेज बांट लिए हैं, और उन्होंने इन परियोजनाओं के लिए राज्य मंत्रिमंडल द्वारा 17,542 करोड़ रुपये की मंजूरी दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष खेड़ा ने यहां प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि बोली लगाने के तरीके से पता चलता है कि ठेके पहले से ही आपस में बांट लिए गए थे।
उन्होंने कहा कि छह कंपनियों में से प्रत्येक ने ठीक तीन-तीन पैकेज के लिए बोली लगाई और हर कंपनी को कम से कम एक ठेका मिल गया। कांग्रेस के एक बयान के अनुसार, खेड़ा ने कहा, ‘‘ये आंकड़े मिलीभगत की कहानी बयां करते हैं। यह कोई टेंडर नहीं, बल्कि छह कंपनियों के बीच ठेकों का बंटवारा है, जिसे भाजपा सरकार ने मंजूरी दी है।’’ उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने 28 सितंबर को चार लिंक एक्सप्रेसवे के सात पैकेज के लिए वित्तीय बोलियां खोली थीं, जबकि राज्य मंत्रिमंडल ने 27 अक्टूबर को इन परियोजनाओं के लिए 17,542 करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी।
अन्य न्यूज़













