Tripura में बोले PM मोदी, राज्य में फिर एक बार भाजपा सरकार की गूंज

modi in tripura
ANI
अंकित सिंह । Feb 13 2023 5:48PM

नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकास की पहली शर्त कानून व्यवस्था का राज है। कम्युनिस्ट शासन ने त्रिपुरा को विनाश के कगार पर धकेल दिया था। त्रिपुरा के लोग उस अराजक स्थिति को कभी नहीं भूल सकते जिसमें कार्यकर्ताओं ने जीवन के हर पहलू को बंधक बना लिया था।

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अपने चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का त्रिपुरा में प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लेफ्ट-कांग्रेस पर जबरदस्त तरीके से निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने साफ तौर पर कहा कि त्रिपुरा के लोगों ने एक बार फिर से भाजपा सरकार के लिए मन बना लिया है। त्रिपुरा के गांव-गांव में सड़क बन रही है। भाजपा सरकार में जबरदस्त विकास हुआ है। त्रिपुरा में परिवर्तन साफ साफ दिखाई दे रहा है। डबल इंजन की सरकार के चलते आधुनिक एयरपोर्ट बने हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने त्रिपुरा में सुशासन दिया है। त्रिपुरा के लोगों की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी है। 

इसे भी पढ़ें: Tripura Election: सत्ता में आने पर वाम-कांग्रेस सरकार त्रिपुरा में पुरानी पेंशन योजना लागू करेगी : करात

नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकास की पहली शर्त कानून व्यवस्था का राज है। कम्युनिस्ट शासन ने त्रिपुरा को विनाश के कगार पर धकेल दिया था। त्रिपुरा के लोग उस अराजक स्थिति को कभी नहीं भूल सकते जिसमें कार्यकर्ताओं ने जीवन के हर पहलू को बंधक बना लिया था। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्टों ने तीन दशकों तक त्रिपुरा पर शासन किया और हर चुनाव से पहले राजनीतिक विरोधियों को मार डाला। त्रिपुरा में भाजपा की सरकार पिछले 25-30 वर्षों के कम्युनिस्ट शासन के दौरान खोदे गए गड्ढे को भरने के लिए दिन-रात काम कर रही है। मोदी ने कहा कि मैं त्रिपुरा के लोगों को एक बात याद दिलाना चाहता हूं कि वामपंथी और कांग्रेस कभी भी त्रिपुरा का विकास नहीं कर सकते हैं और चाहते हैं कि त्रिपुरा के लोग गरीब ही रहें। उनका एक ही एजेंडा है अपनी तिजोरी भरना।

इसे भी पढ़ें: Tripura में गर्जे अमित शाह, कहा- विपक्ष में बीजेपी का डर, विरोधियों में चल रहा इलू-इलू

भाजपा नेता ने कहा कि बीमारी की हालत में इलाज का खर्च किसी भी गरीब के लिए सबसे बड़ी चिंता होती है। इसलिए केंद्र की भाजपा सरकार 'आयुष्मान योजना' लेकर आई है। इस योजना के ​तहत त्रिपुरा के करीब 2 लाख लोगों  ने अस्पताल में अपना मुफ्त इलाज करवाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के डबल लाभ का एक और उदाहरण है 'पीएम-किसान योजना'। 'पीएम-किसान योजना' के तहत किसानों को दी जाने वाली सम्मान निधि की राशि 6,000 रुपए प्रति वर्ष से बढ़ाकर 8,000 रुपए किया जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़