Pratapgarh में महिला की हत्या और डकैती पर दो सगे भाइयों को उम्रकैद

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जिला सत्र अदालत ने लूटपाट के दौरान महिला की जान लेने वाले दो सगे भाइयों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोनों मुजरिमों पर 40-40 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लूट के दौरान एक महिला की हत्या के मामले में अदालत ने दो सगे भाइयों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास एवं 40-40 हजार रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई है। सरकारी वकील योगेश शर्मा ने शनिवार को बताया कि लौली पोख्ता गांव निवासी शिखा यादव ने कोहंडौर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जनवरी 2023 की देर रात मनीराज अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ लूट को अंजाम देने उसके घर पहुंचा था। उन्होंने बताया कि शोर सुनकर शिखा की सास मंजू देवी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने मनीराज को पकड़ लिया।
इसी दौरान मनीराज ने उन पर कुल्हाड़ी से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। गांव के लोग उन्हें इलाज के लिए कोहंडौर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मनीराज, उसके भाई मनीषराज और अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट तथा हत्या का मामला दर्ज कर आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई के बाद जिला सत्र न्यायाधीश बब्बू सारंग की अदालत ने दोनों भाइयों मनीराज और मनीषराज को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास और 40-40 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
अन्य न्यूज़













