AIIMS Bilaspur के पहले दीक्षांत समारोह में पहुंचेंगी President Droupadi Murmu

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर में मंगलवार को पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा भी शिरकत करेंगे। इस आयोजन के चलते अस्पताल में नियमित ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी, जबकि आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश), चार अक्टूबर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), बिलासपुर का पहला दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा भी समारोह में शामिल होंगे। संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि दीक्षांत समारोह के मद्देनजर छह अक्टूबर (मंगलवार) को एम्स बिलासपुर में बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। एम्स बिलासपुर में पहला शैक्षणिक सत्र 12 जनवरी, 2021 को शुरू हुआ था।

मंगलवार को ओपीडी में मरीजों का पंजीकरण और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध नहीं होगा। एम्स के रजिस्ट्रार राकेश कुमार सिंह ने मरीजों और आम लोगों से छह अक्टूबर को नियमित जांच या चिकित्सकीय परामर्श के लिए एम्स आने की योजना नहीं बनाने का आग्रह किया है। मरीजों को किसी असुविधा से बचने के लिए नियमित स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए किसी अन्य दिन का समय लेने की सलाह दी गई है।

हालांकि, ओपीडी बंद रहने के बावजूद एम्स की आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। केंद्रीय मंत्री नड्डा के प्रस्तावित दौरे के लिए जारी कार्यक्रम के अनुसार, वह सोमवार को दिल्ली से चंडीगढ़ होते हुए बिलासपुर पहुंचेंगे और रात अपने पैतृक स्थान विजयपुर में रुकेंगे। प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी स्वदेश ठाकुर ने कहा कि नड्डा के शाम करीब छह बजे चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से रवाना होने, रात करीब नौ बजे विजयपुर पहुंचने और मंगलवार को दीक्षांत समारोह में शामिल होने की उम्मीद है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़