प्रियंका गांधी ने UP में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर योगी सरकार पर साधा निशाना

Priyanka Gandi

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथरस और बुलंदशहर हैशटैग करते हुए ट्वीट किया, ‘‘भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश दिन पर दिन बदतर प्रदेश बन रहा है। इस कानून अव्यवस्था से कोई भी अछूता नहीं है। ये हर समुदाय के लिए अभिशाप है।’’

नयी दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति को लेकर बुधवार को योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथरस और बुलंदशहर हैशटैग करते हुए ट्वीट किया, ‘‘भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश दिन पर दिन बदतर प्रदेश बन रहा है। इस कानून अव्यवस्था से कोई भी अछूता नहीं है। ये हर समुदाय के लिए अभिशाप है।’’ राहुल ने हाथरस जिले में 50 वर्षीय एक व्यक्ति की अंतिम यात्रा की तस्वीर भी टैग की है। मामले में, बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत वापस नहीं लेने पर एक आरोपी ने व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि योगी आदित्यनाथ के प्रचार के विपरीत हर रोज कोई न कोई परिवार राज्य में न्याय के लिए चीख रहा है। 

इसे भी पढ़ें: आरएसएस देशभक्ति की सबसे बड़ी पाठशाला, राहुल गांधी को समझने में लगेगा वक्त: जावड़ेकर

कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना ऐसे वक्त साधा है जब हाथरस जिले में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत वापस नहीं लेने पर एक आरोपी ने पीड़िता के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि, एक अन्य घटना में बुलंदशहर में एक व्यक्ति के घर में बने गड्ढ़े से 12 वर्षीय लड़की का शव निकाला गया। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘हाथरस में छेड़खानी के खिलाफ मुक़दमा वापस नहीं लेने वाली एक लड़की के पिता की हत्या कर दी गई। बुलंदशहर में कई दिनों से गायब एक बच्ची का शव एक घर में गड़ा हुआ मिला।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अपराध को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के झूठे प्रचार के ठीक विपरीत जमीन पर हर रोज कोई न कोई परिवार न्याय के लिए चीख रहा है।’’ राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने उत्तर प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति को लेकर आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया है कि आपराधिक गतिविधियां बेलगाम हैं, जबकि राज्य सरकार ने इन दावों को खारिज किया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़