प्रियंका बोलीं- समाज को जाति व धर्म के आधार पर बांट रही हैं भाजपा, सपा और बसपा

Priyanka Gandhi

प्रियंका ने कहा कि नवयुवकों के लिए 20 लाख रोजगार दिलवाने का खाका तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा तथा एक भर्ती कैलेंडर बनाया जाएगा।

सोनभद्र/चंदौली (उत्तर प्रदेश), कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर समाज को जाति एवं धर्म के आधार पर बांटने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ऐसा करके ये दल जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाना चाहते हैं। प्रियंका ने विभिन्न जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा, चुनाव का समय ऐसा होता है जिसमें यह पता लगाया जाता है कि किस पार्टी को वोट दिया जाए जो अगले पांच साल तक जनता की सेवा करे, मगर भाजपा, सपा और बसपा जैसी पार्टियां समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से महंगाई, बेरोजगारी और सुविधाओं के अभाव जैसे वास्तविक मुद्दे पीछे छूट जाते हैं।

प्रियंका ने जुलाई 2019 में सोनभद्र के उभ्भा गांव में जमीन पर कब्जे को लेकर 11 आदिवासियों की हत्या की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों को जंगल पर अधिकार दिया था लेकिन अब बुलडोजर चलाकर उन्हें उनकी ही जमीन से जबरन बेदखल किया जा रहा है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों का यह कर्तव्य है कि वे लोगों की समस्याओं का समाधान करें लेकिन उत्तर प्रदेश में ‘छुट्टा’ जानवरों की समस्या खुद सरकार की नीतियों की ही देन है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने इस समस्या का समाधान सफलतापूर्वक किया है। भाजपा की मुफ्त राशन योजना पर निशाना साधते हुए प्रियंका ने कहा, आपको भाजपा की सोच को समझने की जरूरत है। वह आपको कभी रोजगार नहीं देगी। सरकार ने कृषि और छोटे उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए कुछ भी नहीं किया जबकि यह दोनों क्षेत्र सबसे ज्यादा रोजगार देते हैं। प्रियंका ने कांग्रेस के विभिन्न चुनावी वादों का जिक्र करते हुए कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस इन सभी बातों को जमीन पर उतार कर दिखाएगी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राजनीतिक दलों और सरकारों में हमें यह पहचानने की जरूरत होती है कि उनकी नीयत क्या है और नीतियां कैसी हैं?

उन्होंने कहा कि आज भाजपा के नेता कहते हैं कि वह लोगों को राशन दे रहे हैं, मुफ्त गैस दे रहे हैं, कुछ पैसे खातों में दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन वे लोगों को निर्भर बना रहे हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि छोटे-बड़े संस्थान, उद्योग-धंधे रोजगार देते थे लेकिन भाजपा सरकार ने उनको तहस-नहस कर डाला। उन्होंने कहा कि बीते पांच साल से प्रदेश में 12 लाख सरकारी पद खाली रखे हैं और अब वे चुनाव में कह रहे हैं कि रोजगार देंगे।

उन्होंने कहा कि इनकी नीति और नीयत में ही लोगों की मदद करना नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस चुनाव में वादा किया है कि उत्तर प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने पर ‘छुट्टे’ जानवरों की समस्या दूर करने के लिए छत्तीसगढ़ मॉडल यहाँ भी लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा दोरुपये प्रति किलोग्राम गोबर खरीदेंगे और पशुओं से फसलों का नुकसान होने पर तीन हजार रुपये प्रति एकड़ सहायता भी देंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना से पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये देंगे तथा 25,00 रुपये प्रति कुंतल धान-गेहूं और 400 रुपये प्रति कुंतल गन्ना खरीदेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार महिलाओं को सशक्त करने के लिए योजनाएं लागू करेगी तथा आशा बहुओं और आंगनबाड़ी बहनों का मानदेय बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में 40 प्रतिशत सीटें महिलाओं को देंगे तथा पुलिस में 25 प्रतिशत भर्ती महिलाओं की होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं पर हुए अत्याचार की रिपोर्ट 10 दिन के अंदर दर्ज कर कार्रवाई नहीं हुई, तो जिम्मेदार पुलिस अधिकारी को निलंबित करने का कानून लाएंगे।

प्रियंका ने कहा कि नवयुवकों के लिए 20 लाख रोजगार दिलवाने का खाका तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा तथा एक भर्ती कैलेंडर बनाया जाएगा।उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि जल्द से जल्द, ज्यादा से ज्यादा नौजवानों को रोजगार मिले और जो नौजवान अपना व्यवसाय शुरू करना चाहता है, उसे सरकार एक प्रतिशत ब्याज पर पांच लाख रुपये देगी। कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘ कांग्रेस नहीं चाहती है कि आप गरीब-पिछड़े रहें और नेता आपका फायदा उठाते रहें। हम चाहते हैं कि आप सशक्त बन जाएं, आप अपने पैरों पर खड़े हो जाएं। आप अपना हक मांगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति आपका वोट है, इससे आप अपना भविष्य मजबूत बना सकते हैं। उसके लिए आपको सतर्क और जागरूक बनना पड़ेगा। ऐसे लोगों को चुनना पड़ेगा, जो आपके लिए दिन रात काम करने को तैयार हों।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़